सोमवार को भी संसद के दोनों सदनों में हंगामे के आसार हैं।  कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब गृह मंत्री अमित शाह पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'संसद चलो' मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पेलेट गन जैसी घातक चीजों का इस्तेमाल किया, जिससे कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि छात्रों के हाथ, पैर और पसलियों को चोट पहुंची है, कई की हालत गंभीर है। उन्होंने अमित शाह से पूछा है कि क्या उन्होंने खुद पेलेट गन और दूसरे हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति दी थी। 

यह भी पढ़ें: हर तीसरा पद खाली, चौथाई स्टाफ आउटसोर्स भरोसे, NTA की असली तस्वीर संसद ने दिखाई

संसद में घिरेंगे अमित शाह?

राहुल ने एक 19 साल के छात्र साहिल लोचब का जिक्र करते हुए कहा कि उसकी आंख खराब होने की आशंका है। राहुल गांधी ने अमित शाह को चिट्ठी लिखकर पूछा है कि क्या सादे कपड़ों में लाठियां लेकर मारने वाले पुलिसकर्मी थे या कोई उपद्रवी। 

राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बलों की जवाबदेही गृह मंत्री की है। टीएमसी की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने भी नियम 267 के तहत नोटिस दिया है। वह चाहती हैं कि सदन में इस मुद्दे पर तुरंत चर्चा हो। समाजवादी पार्टी भी सरकार को घेरने की तैायरी में है।

 

यह भी पढ़ें: 'आज कॉकरोच पार्टी, कल सुअर पार्टी बनेगी तो समर्थन करेंगे?' भड़क गए BJP नेता

सरकार की तैयारी क्या है?

दूसरी तरफ सरकार परीक्षा पेपर लीक को रोकने के लिए नया कानून ला रही है। लोकसभा में सोमवार को पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) अमेंडमेंट बिल, 2026 पेश किया जाएगा। इस बिल में सजा और जुर्माने को काफी बढ़ा दिया गया है।

बिल के मुताबिक, पेपर लीक करने वालों को अब 5 से 10 साल तक की जेल और 50 लाख तक जुर्माना हो सकता है। बड़े गिरोहों पर और भारी सजा का प्रावधान है। जांच दो महीने में पूरी करनी होगी और केस जल्दी निपटाने के लिए स्पेशल कोर्ट बनाए जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें: 'मेरा जेंडर पर नहीं, सिस्टम पर सवाल पूछो', वॉयरल 'कॉकरोच' उज्ज्वल का जवाब

सदन में हंगामा क्यों होगा?

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अब विपक्ष अमित शाह को निशाने पर ले रहा है। सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पर भी लोग सवाल उठा रहे हैं। E20 पेट्रोल को लेकर देशभर से शिकायतें आ रही हैं। गाड़ियों को होने वाले कथित नुकसान की शिकायतों से सोशल मीडिया भरा पड़ा है। खराब सड़कों का मुद्दा भी सदन में गूंजने के आसार हैं। सत्र के शुरू होते ही संसद में इन मुद्दों पर जोरदार बहस होने की उम्मीद है। सदन चल पाएगा या नहीं, इस पर अभी तक अनिश्चितता बनी हुई है।