त्योहारों के मौसम में घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत की खबर दी है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने तीन पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें बिहार के गया, पटना और मुजफ्फरपुर से दिल्ली के लिए चलाई जाएंगी। इनसे बिहार से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। ट्रेनें चलाने का यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब घर जाने के लिए सैकड़ों लोग रेलवे स्टेशन पर टिकट मिलने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे लोगों को अब राहत मिल सकती है।
रेलवे ने इन ट्रेनों का शेड्यूल, रूट और स्टॉपेज भी जारी कर दिया है। खास बात यह है कि इनमें एसी, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा भी दी जाएगी। रेलवे का कहना है कि इन ट्रेनों को चलाने का मकसद त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालना और उनका सफर आसान बनाना है।
यह भी पढ़ें: महादेव ऐप केस: रवि उप्पल दुबई में गिरफ्तार, ED को अब किसकी है तलाश?
गया से दिल्ली
पहली ट्रेन गया से नई दिल्ली के बीच चलेगी। इसका नंबर 03697/03698 है। यह ट्रेन दोनों तरफ सप्ताह में दो दिन चलेगी। गया से नई दिल्ली के लिए ट्रेन 7 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक हर मंगलवार और शनिवार को चलेगी। इस दिशा में कुल 7 फेरे लगाए जाएंगे। वहीं, नई दिल्ली से गया के लिए ट्रेन 8 नवंबर से 29 नवंबर तक हर बुधवार और रविवार को चलेगी। इसके भी 7 फेरे होंगे। गया से यह ट्रेन दोपहर 2:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:05 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में नई दिल्ली से दोपहर 1:40 बजे चलकर अगले दिन सुबह 11:15 बजे गया पहुंचेगी। रास्ते में अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, गोविंदपुरी और टुंडला में रुकेगी।
पटना से आनंद विहार
दूसरी ट्रेन पटना जंक्शन से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलाई जाएगी। इसका नंबर 03293/03294 है और यह ट्रेन रोजाना चलेगी। पटना से आनंद विहार के लिए इसका संचालन 5 नवंबर से 21 नवंबर तक होगा। वहीं, आनंद विहार से पटना के लिए यह ट्रेन 6 नवंबर से 22 नवंबर तक चलेगी। दोनों दिशाओं में यह ट्रेन 17-17 फेरे लगाएगी। पटना से ट्रेन रात 9 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार से शाम 3:50 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 12:25 बजे पटना पहुंचेगी। रास्ते में दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, सुबेदारगंज, गोविंदपुरी और गाजियाबाद में ठहराव होगा। इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल तीनों तरह के कोच होंगे।
मुजफ्फरपुर से आनंद विहार
तीसरी स्पेशल ट्रेन मुजफ्फरपुर और आनंद विहार के बीच चलेगी। इसका नंबर 05283/05284 है। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। मुजफ्फरपुर से आनंद विहार के लिए 21 और 28 नवंबर को शनिवार के दिन ट्रेन रवाना होगी। वहीं, आनंद विहार से मुजफ्फरपुर के लिए 22 और 29 नवंबर को रविवार के दिन ट्रेन चलेगी। दोनों तरफ से इसके दो-दो फेरे होंगे। मुजफ्फरपुर से यह ट्रेन सुबह 6:30 बजे चलकर अगले दिन सुबह 5 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार से सुबह 7 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:50 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। रास्ते में मोतीपुर, मेहसी, चकिया, पिपरा, मोतिहारी, सगौली, बेतिया, नरकटियागंज, हरिनगर, बगहा, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, हरदोई, शाहजहांपुर और मुरादाबाद में रुकेगी।
यह भी पढ़ें: 4 बार के MLA नंद लाल का निधन, हिमाचल में कांग्रेस के सामने गढ़ बचाने की चुनौती
लोगों को राहत
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा करने से पहले ट्रेन का समय और स्टॉपेज जरूर जांच लें। इन ट्रेनों से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए यात्री रेलवे की NTES वेबसाइट या ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर फोन करके भी जानकारी ली जा सकती है। दिल्ली के अलग-अलग स्टेशनों से भीड़ की तस्वीरें सामने आ रही हैं और लोग टिकट के लिए परेशान हो रहे हैं। ऐसे में स्पेशल ट्रेनें चलने से लोगों को राहत मिलेगी।
