छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे बड़े पैमाने पर स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। यह व्यवस्था खासतौर पर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों के लिए की गई है। त्योहार के दौरान दिल्ली से अपने घर जाने वाले लोगों को ट्रेन में सीट मिलने और सफर करने में परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों का इंतजाम किया है।
रेलवे ने बुधवार को बताया कि दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को संभालने और उन्हें बेहतर सुविधा देने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। आज यानी बुधवार को दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से कुल 31 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। रेलवे ने गुरुवार को 29 ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
31 स्पेशल ट्रेनों में नई दिल्ली से 10, आनंद विहार टर्मिनल से 8, शकूरबस्ती से 7, हजरत निजामुद्दीन से 4, दिल्ली जंक्शन से 1 और रोहतक से 1 ट्रेन चलेगी। इससे पहले मंगलवार यानी 10 नवंबर को दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ पर नजर रखी गई। इस दौरान पहले से तय 27 स्पेशल ट्रेनों के अलावा 3 अतिरिक्त अनारक्षित ट्रेनें भी चलाई गईं। इन ट्रेनों को कम समय के नोटिस पर चलाने का फैसला लिया गया था।
यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो में धक्का-मुक्की, चीन-जापान में कैसे संभालते हैं मेट्रो की भीड़?
कल भी चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे ने बताया है कि गुरुवार यानी 12 नवंबर 2026 को भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इस दिन दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों से 29 स्पेशल ट्रेनों का संचालन प्रस्तावित है। रेलवे के मुताबिक, गुरुवार को नई दिल्ली से 7 स्पेशल ट्रेनें, आनंद विहार से 7, शकूरबस्ती से 5, हजरत निजामुद्दीन से 5, दिल्ली जंक्शन से 3, रोहतक से 1 और दिल्ली के सराय रोहिल्ला से 1 स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इनके अलावा, यात्रियों की भीड़ और मांग के अनुसार अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
यह भी पढ़ें: अयोध्या के दीपोत्सव के बाद खाली बचे तेल का क्या हुआ? तस्वीरें भावुक कर देंगी
व्यवस्था पर रखी जा रही नजर
बता दें कि आज भी यात्रियों की भीड़ पर नजर रखते हुए जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई जाएगी। मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक और मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
