दीवाली का त्योहार बीतते ही देश के 3 राज्यों से दर्दनाक खबरें सामने आई हैं। इन राज्यों में हुए अलग-अलग हादसों में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई है। मध्य प्रदेश में दो अलग-अलग हादसों में कुल 12 लोग जलकर मर गए। उत्तर प्रदेश में हुए दो अलग-अलग हादसों में 10 और छत्तीसगढ़ में हुए एक हादसे में कुल 4 लोगों की जान गई है। जान गंवाने वाले इन 26 लोगों में से 18 लोग जलकर मर गए हैं। जान गंवाने वाले लोगों में कई बच्चे भी शामिल हैं। बताया गया है कि कुछ लोग अपने घर में थे और जलकर मर गए तो कुछ लोग सड़क पर चल रही गाड़ी में बैठे-बैठे हादसे का शिकार हो गए।
मध्य प्रदेश के दो हादसों में दो परिवारों के लोगों की जान गई है। इसी तरह मुजफ्फरनगर में हुए हादसे में कुल 6 लोग जिंदा जल गए। चित्रकूट में हुए हादसे में कुल 4 लोगों की मौत हुई है और छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में हुए हादसे में भी कुल 4 लोगों की जान गई है।
मुजफ्फरनगर में जलकर मर गए 6 लोग
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार तड़के हुए एक हादसे में कुल 6 लोग जलकर मर गए। पुलिस ने बताया है कि एक कार डिवाइडर से टकराने के बाद बिजली के खंभे से टकराई और उसमें आग लग गई। इसी कार में सवार 6 लोग जिंदा जल गए। यह हादसा पानीपत खटीमा हाइवे पर जगाहेड़ी के पास हुआ। बताया गया है कि मरने वाले लोग हरियाणा के जींद के रहने वाले थे और ये लोग हरिद्वार जा रहे थे। मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल था।
यह भी पढ़ें: थप्पड़ मारने पर वकील की गोली मारकर हत्या, कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित पर आरोप
MP में दो परिवारों के 12 लोगों की मौत
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में सोमवार तड़के एक सुनार के तीन मंजिला मकान में आग लगने से परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि दिवाली के अगले दिन तड़के करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में जैन मंदिर के पास स्थित सुनार कुंदन लाल सोनी के मकान में आग लग गई। आग लगने के समय मकान में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे जिनमें से छह की मौत हो गई जबकि चार लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया।
उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों और बचाव दल ने बाद में आग पर काबू पा लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है। मृतकों में तीन महिलाएं और एक नाबालिग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
यह भी पढ़ें: दिवाली के बाद दिल्ली-NCR में जहरीली हवा, सुबह AQI 400 पार; सांस लेना हुआ मुश्किल
एक अन्य हादसा कटना जिले के बरही में हुआ है। दीपावली की रात बर्तन की एक दुकान में आग लगने से एक ही परिवार के 6 लोगों की जान चली गई। यह आग रात 11:30 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की दुकान में लगी थी। इस हादसे में दो बुजुर्ग, एक महिला और 3 बच्चों की मौत हो गई। दो लोग मुश्किल से अपनी जान बचाने में कामयाब हुए।
छत्तीसगढ़ में 4 लोगों की मौत
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद के टीला अनिकट में एक कार सड़क हादसे का शिकार होकर पानी में जा गिरी। रात के सम हुए इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती और दो बच्चे शामिल थे।
चित्रकूट में हुए हादसे में 4 की मौत
एक अन्य हादसा उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में हुआ है। झांसी-मिर्जापुर हाइवे पर रामनगर गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली पलने से 4 लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए। स्थानीय प्रशासन ने बताया है कि गाड़ी मध्य प्रदेश की थी और उसमें बैठे लोग प्रयागराज और रीवा के रहने वाले थे। बताया गया है कि ये लोग मेला देखकर अपने घर की ओर लौट रहे थे। चित्रकूट के डीएम पुलकित गर्ग ने बताया कि ट्रैक्टर और ट्राली को जोड़ने वाला हुक निकल जाने से ट्राली अलग हो गई और पलट गई।
यह भी पढ़ें: 26 दिन तक नहीं जली चिता, अब झोटा का अंतिम संस्कार, मान गए घरवाले?
फिलहाल, इन सभी घटनास्थलों पर पुलिस की कार्यवाही जारी है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
