कांग्रेस नेता और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा अपने बयानों के कारण भारत में सुर्खियों में रहते हैं। अब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिसकी राजनीतिक गलियारों में चर्चा हो रही है। पित्रोदा ने प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए उन्हें मेहनती, अच्छा वक्ता और व्यक्तिगत तौर पर बेहद दयालु इंसान बताया है। खास बात यह है कि सैम पित्रोदा के इस बयान को शेयर करते हुए पीएम मोदी ने भी उन्हें दिवाली और गुजराती नववर्ष की शुभकामनाएं दी।
सैम पित्रोदा ने एक इंटरव्यू में सोनिया गांधी की किताब में पीएम मोदी के जिक्र के बारे में बात की। उन्होंने कहा, 'वह मेरे गुजराती मित्र हैं। एक इंसान के तौर पर मैं उनका सम्मान करता हूं। मैं उनसे मिला हूं, मेरी पत्नी और मैं उनसे मिले थे। व्यक्तिगत तौर पर वे बहुत ही आत्मीय, दयालु, स्नेही और ख्याल रखने शख्स हैं। बेशक, वे एक अच्छे वक्ता हैं और मेहनती भी हैं। हमारी आपस में अच्छी बनती है। हमारे बीच कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं हैं।'
यह भी पढ़ें: 'यह तो सम्मान की बात होगी', Nvidia के CEO को नौकरी पर रखने पर बोले मस्क
मोदी के घर भी गए सैम पित्रोदा
सैम पित्रोदा ने आगे अपने और मोदी के संबंधों का जिक्र करते हुए कहा, 'एक गुजराती नेता, मित्र और शुभचिंतक के रूप में, मिस्टर मोदी के खिलाफ मेरे मन में कुछ भी नहीं है। वह मेरे प्रति बहुत आत्मीय हैं। इस बारे में कोई समस्या नहीं है। मैं इसकी सराहना करता हूं। मैं कई बार गुजरात में उनके घर जा चुका हूं।'
विरोध पर क्या बोले पित्रोदा?
सैम पित्रोदा ने बताया कि मोदी ने हमेशा उनके प्रति अपनापन और गर्मजोशी दिखाई है, जिसकी वह सराहना करते हैं। पित्रोदा के मुताबिक, किसी व्यक्ति के साथ आपके व्यक्तिगत संबंध अच्छे हो सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आप उसके सभी विचारों से सहमत हों। उन्होंने कहा कि मोदी के विचारों और उनकी विचारधारा से उन्हें असहमति हो सकती है, लेकिन यह व्यक्तिगत विरोध नहीं है।
सैम पित्रोदा ने इंटरव्यू में कहा, ' दुनिया को लेकर उनके विचारों से मुझे दिक्कत हो सकती है। मुझे उनकी विचारधारा से दिक्कत हो सकती है। लेकिन यह एक अलग बात है। यह किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं है, बल्कि उनके विचारों के खिलाफ है और ये दोनों अलग-अलग चीजें हैं। देखिए, मैं मिस्टर मोदी से असहमत हो सकता हूं, और फिर भी उनके साथ बैठकर खाना खा सकता हूं और हंसी-मजाक कर सकता हूं। इसलिए, मुझे कोई दिक्कत नहीं है।'
यह भी पढ़ें: 'IPS बनने के बाद बदल गए भानु प्रताप सिंह', पत्नी पूजा सिंह ने लगाए आरोप
पीएम मोदी क्या बोले?
सैम पित्रोदा ने सार्वजनिक तौर पर संभवत पहली बार पीएम मोदी की इस तरह से तारीफ की है। इससे पहले वह उनके विरोध में बयान देते थे और बीजेपी के हमेशा निशाने पर रहे हैं। उनके बयानों के कारण कई बार भारत में राजनीतिक विवाद भी हुए हैं। अब उनकी तारीफ पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'हैप्पी दिवाली और नूतन वर्ष अभिनंदन, सैम भाई और अंजना बेन को। आने वाला साल आनंदमय और स्वस्थ हो, ऐसी प्रार्थना करता हूं। जय जगन्नाथ।'पीएम की इस प्रतिक्रिया के बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
