खाद्य नियामक की जांच में बिसलेरी का बोतलबंद पानी का सैंपल फेल मिला। दो बार नमूने की जांच करने पर भी पानी पीने योग्य नहीं मिला। अब खाद्य नियामक भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है।
FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से 'पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (मिनरल वाटर को छोड़कर)' का नमूना लिया था। कंपनी के बोतलबंद पानी का नमूना जांच में फेल मिला। रविवार को ही FSSAI ने अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट में मामले की जानकारी दी। जांच में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन मिलने से पानी को असुरक्षित घोषित किया गया।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ बुरी तरह चोटिल हुए तिलक वर्मा, गर्दन पकड़कर मैदान से गए बाहर
दो बार की गई जांच, दोनों बार नमूने फेल मिले
FSSAI ने बताया कि बोतलबंद पानी के नमूने में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक मिली। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम- 2006 के तहत पानी को असुरक्षित घोषित किया गया। कंपनी की अपील के बाद नमूने को दोबारा जांच के लिए दूसरी फूड लैब भेजा गया। यहां भी पानी में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) पाए जाने के कारण उसे असुरक्षित घोषित किया।
खाद्य नियामक भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने कहा कि प्रयोगशाला की जांच में कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। इसके आधार पर बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी दी गई है।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: दलित वोटों पर नजर या अखिलेश यादव को सियासी संदेश?
इन कंपनियों के खिलाफ भी चलेगा केस
बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के अलावा FSSAI ने वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मिमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी समेत कुछ अन्य कंपनियों के खिलाफ भी केस चलाने की हरी झंडी दी है।
लाइसेंस सस्पेंड, प्रोडक्ट वापस लेने का आदेश
नियमों का उल्लंघन करने पर उर्मी लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। इसके अलावा आशा कन्फेक्शनरी को प्रोडक्ट वापस लेने का आदेश दिया है। कंपनी को उसके 'प्री-पैक चॉकलेट फिल्ड कुकीज' बाजार से वापस लेने को कहा गया है। FSSAI की जांच में इसके सैंपल फेल मिले हैं।
