महाराष्ट्र के नांदेड़ में एक गुरुद्वारे के अंदर कृपाण से किए गए हमले में घायल हुए शिरोमणि अकाली दल (SAD) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। बादल ने कहा कि वे पंजाब में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपने परिवार की विरासत को आगे भी जारी रखेंगे।

 

हमले में बुरी तरह से घायल सुखबीर बादल ने ईश्वर का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, 'यहां नांदेड़ साहिब में दसवें गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी ने मेरी जान बचाई है।' उन्होंने आगे कहा कि मैं न डरता हूं और न कभी डरूंगा। बादल ने कहा कि SAD पंजाब और पूरे देश में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए हमेशा खड़ी है।

 

कोई भी कुर्बानी देने को तैयार

 

बादल ने अपने पिता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को याद करते हुए कहा, 'उन्होंने देश और पंजाब में शांति बनाए रखने के लिए काम किया था और मैं भी उसी रास्ते पर चलता रहूंगा।' उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें पंजाब में शांति भंग करने की कोशिश कर रही हैं। बादल ने कहा कि वह इसकी रक्षा के लिए कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हैं।

 

 

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: 'मुझसे वाहेगुरु ने कहा था', निहंग ने सुखबीर बादल पर हमला क्यों किया था? बता दिया

 

लगभग 90 मिनट तक हुई सर्जरी

 

दरअसल, गुरुवार को नांदेड़ में एक निहंग ने कृपाण से सुखबीर बादल पर हमला किया था। इस हमले में वह घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। डॉक्टरों ने उनकी लगभग 90 मिनट तक सर्जरी की, जिसके बाद अब उनकी हालत स्थिर है। 

 

 

 

 

हरसिमरत कौर ने जताया आभार

 

वहीं, बादल की पत्नी और सांसद हरसिमरत कौर बादल ने SAD प्रमुख पर हुए हमले के बाद उनके परिवार को इस मुश्किल घड़ी में समर्थन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया। एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री को आज अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी और दोपहर में उन्हें हवाई मार्ग से पंजाब ले जाया जा सकता है।

 

यह भी पढ़ें: क्या है फिदेल कास्त्रो और इंदिरा गांधी के गले मिलने की कहानी? वायरल हुआ वीडियो

 

पुलिस हिरासत में हमलावर

 

पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा कि सुखबीर सिंह बादल पर हमला करने वाले आरोपी की पहचान 63 साल के जसपाल सिंह के तौर पर हुई है। वह पुणे का रहने वाला है। जसपाल पिछले दो साल से गुरुद्वारा माता साहिब देवन जी मुगत में सेवादार के तौर पर काम कर रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर के दर्ज कर लिया है।

 

बता दें कि सुखबीर बादल के ऊपर यह दो साल के भीतर दूसरा हमला है। इससे पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर में गोल्डन टेंपल के बाहर एक बंदूकधारी ने उन पर करीब से गोली चलाई थी, जिसमें वह बच गए थे।