उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पर पैसे लेकर टिकट बांटने के आरोप लगे हैं। अब उन्होंने कहा है कि कार्यकर्ताओं और चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं से अपील की है कि टिकट या पद दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वालों के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी न टिकट देने के लिए किसी से पैसे लेती है और न ही कोई पद देने के लिए।
राजेंद्र पाल गौतम ने रैली में उत्तर प्रदेश से एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं के शामिल होने पर आभार जताया है। राजेंद्र पाल गौतम, अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा है कि अगर कोई पैसै मांगे तो इसकी शिकायत तत्काल करें।
यह भी पढ़ें: 'अधिकारी और चुनाव आयोग BJP के इशारे पर करते हैं काम', राजेंद्र पाल गौतम का दावा
'अगर कोई पैसे मांगे तो थाने में शिकायत करो'
गौतम ने बताया कि पहले भी कुछ लोगों को ऐसे फोन आ चुके हैं। फोन करने वालों ने खुद को AICC से बताया और कहा कि चुनाव लड़ने के लिए नाम लगभग पक्का हो रहा है। इसके बदले 76 हजार रुपये खाते में जमा करने को कहा गया और बारकोड भेजने की बात कही गई।
उन्होंने कहा कि आगे कोई उनके या उनके स्टाफ के नाम से भी ऐसा कर सकता है। राजेंद्र पाल गौतम के अनुसार, जो भी पैसे की बात करे, उसे ठग समझें। जिस नंबर से फोन आया हो, उसे लिखकर थाने में शिकायत दें और मुकदमा दर्ज कराएं। साथ ही पार्टी को भी इसकी जानकारी दें, पार्टी कार्रवाई करेगी।
क्या टिकट बंटवारे पर हो गई है बात?
टिकट को लेकर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि अभी तक किसी से टिकट की बात नहीं हुई है। सीट शेयरिंग की बातचीत लगभग शुरू हो चुकी है और जल्द ही सीटों का बंटवारा होगा। उनके मुताबिक, पार्टी ऐसे लोगों को टिकट देना पसंद करेगी जो जमीन पर मेहनत करते हैं, जिनकी जनता में पकड़ है और जिनका नाम सर्वे में मजबूत दावेदार के रूप में आएगा।
'जितनी मजबूत होगी कांग्रेस, उतने ज्यादा आरोप लगेंगे'
गौतम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी जितनी मजबूत होगी, उतने ज्यादा आरोप भी लगेंगे। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष बनाने और टिकट के लिए पैसे लेने जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं और टिकट बंटवारा शुरू होने पर ये और बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि वे करप्शन के खिलाफ लड़कर यहां तक पहुंचे हैं और ऐसी किसी हरकत को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
यह भी पढ़ें: UP से अविनाश पांडे की छुट्टी, राजेंद्र पाल गौतम बना गए नए प्रभारी
'मिशन 2027 और 2029 है कांग्रेस की प्राथमिकता'
राजेंद्र पाल गौतम ने गौतम बुद्ध और डॉ. भीम राव आंबेडकर की विचारधारा का जिक्र किया। गौतम ने कहा कि कोई भी पद स्थायी नहीं होता और उनका मिशन उनके लिए पहले है। उन्होंने मिशन 2027 और मिशन 2029 को प्राथमिकता बताया।
राजेंद्र पाल गौतम, कांग्रेस प्रभारी, यूपी:-
2027 में इंडिया गठबंधन की सरकार उत्तर प्रदेश में बनेगी, दुनिया की कोई ताक़त रोक नहीं सकती। जिसको जो षड्यंत्र करना है कर ले लेकिन अल्टीमेटली जीत सच्चाई की होगी।
राजेंद्र पाल गौतम ने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने 2029 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने का लक्ष्य भी दोहराया। कार्यकर्ताओं से उन्होंने मजबूती से डटे रहने और पार्टी को बढ़ाने के लिए काम करते रहने को कहा।
