सोशल मीडिया पर एक महिला पर्यटक का वीडियो खूब वायरल है। इसमें महिला पर्यटक कारगिल के पास सुरक्षाबलों से न केवल भिड़ती है, बल्कि सड़क पर धरना देने की धमकी देती है। वीडियो वायरल होने के बाद ऑनलाइन प्रतिक्रिया देने वालों की बाढ़ आ गई। जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने भी यह वीडियो अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर साझा किया और इस व्यवहार की निंदा की। 

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह वीडियो कारगिल के एक चेकपाइंट का है। यहां सुरक्षाबलों ने बैरिकेडिंग लगा रखी थी। बात इसी बात पर महिला पर्यटक बिफर पड़ी, क्योंकि उसे आगे जाना था। बेहद गुस्से में महिला पर्यटक ने कहा, 'हम जेन-जी है। यह बकवास बर्दाश्त नहीं करेंगे।'

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: स्कैन नहीं हो पा रहे फिंगरप्रिंट, 1 लाख से ज्यादा बुजुर्ग पेंशन के लिए परेशान

हम किसी को नहीं छोड़ेंगे: महिला पर्यटक

सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो वायरल हैं। बैरिकेडिंग के पास कुछ संख्या में सुरक्षाबल मौजूद हैं और भारी संख्या में पर्यटक है। महिला भीड़ का नेतृत्व कर रही है। एक वायरल वीडियो में महिला पर्यटक कहती है, 'हम यहां से नहीं हटेंगे। यहां से कोई नहीं हिलेगा। आपको जो समझना है समझो। हम किसी को नहीं छोड़ेंगे। हमारे टैक्स से सबको सैलरी आती है। हम इसीलिए टैक्स भरते हैं, ये लोग (सुरक्षाबलों की तरफ इशारा करते हुए) हमसे ऊपर हो गए। जाएंगे तो सारे जाएंगे... वरना कोई नहीं जाएगा।'

'हम बकवास बर्दाश्त नहीं करेंगे'

महिला आगे कहती है कि हम लोग कहीं नहीं जाएंगे। यही मिट्टी पर ही बैठ जाएंगे। एक अन्य वीडियो में महिला कहती है, 'हम यही बैठेंगे। फिर आपका मंत्री कैसे निकलेगा? हम जेन-जी हैं। हम यह बकवास बर्दाश्त (सुरक्षाबलों की तरफ अंगुली करते हुए) नहीं करेंगे।' महिला वीडियो में अन्य पर्यटकों को धरने पर बैठने के लिए उकसाती है और कहती है कि मुझको बताओ आप लोग यहां बैठोगे कि नहीं।  

 

महिला पर्यटक ने आगे कहा, 'पांच घंटे हो गए हैं, सब लोग गाड़ी निकालो और चलो। हम नहीं जाएंगे तो किसी को जाने नहीं देंगे। हम लोग पैसा देकर यहां घूमने आते हैं या ये सब बर्दाश्त करने आते हैं। इन्होंने ताला लगा दिया है। कश्मीरियों के साथ तो करते ही है... अब बाहर के टूरिस्टों के साथ भी कर रहे हैं।'  

 

यह भी पढ़ें: दो लड़कियों ने 67 साल के बुजुर्ग को डेटिंग ऐप से फंसाया, लूट लिए 1.3 लाख रुपये

उमर अब्दुल्ला ने क्या कहा?

आज हर कोई बात-बात पर यह कह देता है कि हम जेन-जी है। ठीक वैसे ही जैसे पहले कहा जाता था कि 'जानते नहीं हो मेरा बाप कौन है।' धमकी के इसी लहजे पर जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने सवाल उठाया। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'यह 'हम जेन-जी हैं' अब 'जानते नहीं हो मेरा बाप कौन है' की तरह हो गया है। जेन-जी के प्रति सद्भावना को खत्म करने का सबसे तेज तरीका यह है कि जरा सी भी ठेस लगने पर इसे धमकी के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया जाए।'

 

उधर टाइम्स ऑफ इंडिया ने अपनी खबर में पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया कि यह घटना 25 जुलाई की है। रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख को हवाई मार्ग से यात्रा करनी थी। मगर मौसम खराब होने के कारण वे हेलीकॉप्टर से गुमरी पहुंचे। यहां से सड़क मार्ग से कारगिल के लिए रवाना हुए। इस वजह से जोजिला-गुमरी मार्ग कुछ देर के लिए बाधित हो गया था।