देश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। शनिवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र मध्य और उत्तरी भारत में बारिश को जारी रखने में मदद कर रहा है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी तेज बारिश का अनुमान जताया गया है।
दिल्ली-NCR में शनिवार को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की आशंका है। इन इलाकों में कुछ जगहों पर तेज, कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें: गर्म या ठंडा, मानसून में कौन से पानी से नहाना चाहिए? बीमारियों से रहेंगे दूर
दिल्ली से कश्मीर तक कैसा रहेगा मौसम?
आसमान ज्यादातर बादलों से ढका रहेगा और दिन के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के दौर आ सकते हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी बारिश जारी रहने की उम्मीद है। दिल्ली में भी तेज बारिश होने के आसार हैं। शनिवार सुबह से ही दिल्ली, गुरुग्राम और गाजियाबाद में बारिश हो रही है।
बगाल से अंडमान तक झमाझम बारिश
मध्य भारत में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अच्छी-खासी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश का भी खतरा है। पूर्वी भारत में पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में बारिश का दौर चलता रहेगा।
यह भी पढ़ें: मानसून में करेंंट और सीलन से कैसे बचें? 8 तरीके जो बना देंंगे काम
पूर्वोत्तर के राज्यों का क्या है हाल?
पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। बारिश की वजह से नदियां उफान पर रहेंगी और बाढ़ का भी खतरा मंडरा रहा है।
मौसम विभाग ने क्या चेतावनी दी है?
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे मौसम की स्थिति पर नजर रखें। भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, यातायात में बाधा और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। किसान खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने के इंतजाम रखें और बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित जगह पर रहें।
