हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने गुरुवार को दावा किया कि लगभग 4000 भारतीय उमराह यात्री सऊदी अरब में फंसे हैं। उन्होंने डीजीसीए से फ्लाइट चलाने की अनुमति देने का अनुरोध किया। यह भी कहा कि अगर डीजीसीए से मंजूरी नहीं मिलती है तो केंद्र सरकार को विशेष विमान भेजने चाहिए। 

 

ओवैसी ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और विदेश मंत्रालय से भी मदद मांगी। अब विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सऊदी अरब में भारतीय दूतावास टूर ऑपरेटरों और एयरलाइंस के संपर्क में है, ताकि प्रभावित उमराह यात्रियों की जल्दी वापसी सुनिश्चित की जा सके। विदेश मंत्रालय ने सऊदी अरब में स्थापित हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। कॉल करके भारतीय यात्री नियमित जानकारी ले सकते हैं। उधर, इंडिगो एयरलाइन ने 31 अक्टूबर तक रियाद और 27 अक्टूबर तक मदीना, दम्मन और जेद्दा की उड़ानों को रद्द कर दिया है। 

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: न्यूयॉर्क में घोड़ागाड़ी पर लगेगा बैन, भारतीय युवक की मौत के बाद लिया गया फैसला

एयरलाइनों के संपर्क में दूतावास

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि रियाद में हमारा दूतावास और जेद्दा में हमारा वाणिज्य दूतावास प्रभावित तीर्थयात्रियों की जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एयरलाइनों और टूर ऑपरेटरों के संपर्क में है। पिछले एक हफ्ते में सऊदी अरब में फंसे लगभग 3000 उमराह तीर्थयात्री भारत वापस आ चुके हैं। इसके अलावा पहले से बुकिंग वाले 10000 से अधिक अन्य उमराह तीर्थयात्री पिछले एक हफ्ते में भारत लौट आए हैं।

 

उन्होंने आगे कहा कि बाकी बचे उमराह तीर्थयात्रियों की जल्द से जल्द वापसी के इंतजाम किए जा रहे हैं। हमारा दूतावास और वाणिज्य दूतावास सामुदायिक स्वयंसेवकों की मदद से हर संभव मदद कर रहे हैं। भारतीय नागरिकों की मदद के लिए 24×7 कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। नियमित रूप से जरूरी सलाह जारी की जा रही है।

 

यह भी पढ़ें: तिब्बत में 7 तीव्रता का भूकंप, सैकड़ों घर तबाह; 16 लोगों की मौत

इन नंबरों पर कॉल करके हासिल कर सकते जानकारी

भारतीय दूतावास (रियाद)


टेलीफोन: +966-554412016; +966-542126784
टोल-फ्री: 8002471234 (केवल सऊदी अरब के भीतर से कॉल)
व्हाट्सएप: +966-536216082 ( सिर्फ मैसेज)

 

भारतीय वाणिज्य दूतावास (जेद्दा)


टेलीफोन: +966-12-2614093; +966-556122301
व्हाट्सएप: +966-536209704 (सिर्फ मैसेज)

 

 

 

 

सुरक्षा कारणों से इंडिगो ने फ्लाइटें की रद्द

इंडिगो एयरलाइन ने एक एडवाइजरी में कहा, 'सुरक्षा की बदलती स्थिति को देखते और सावधानीपूर्वक आकलन के बाद रियाद आने-जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट्स 31 अक्टूबर 2026  तक रद्द रहेंगी। वहीं, जेद्दा, दम्मम और मदीना आने-जाने वाली उड़ानें 27 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। एयरलाइंस ने कहा कि हमारे ग्राहकों और क्रू की सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और हालात का आकलन करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं।'