विदेशी धरती से भारत में मोबाइल एप्स के माध्यम से साइबरसेक्स और सेक्स रैकेट का संचालन किया जा रहा है। इन एप्स में महिलाओं से अश्लील बातें, न्यूड वीडियो कॉल और फोटो साझा करने का प्रलोभन दिया जाता है। बदले में यूजर्स से मोटी रकम वसूली जाती है। खबरगांव की पड़ताल में गूगल प्ले स्टोर में ऐसे सैकड़ों एप्स मिले हैं, जो ऑनलाइन सेक्स रैकेट का संचालन करने में जुटे हैं। फेसबुक, यूट्यूब और एक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर इन अश्लील एप्स के सैकड़ों विज्ञापन मौजूद हैं।
  
अधिकांश एप्स को चीन, हांगकांग, जॉर्डन, तुर्किए और ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स से ऑपरेट या विज्ञापन चलाया जा रहा है। ज्यादातर एप एक जैसे इंटरफेस वाले हैं। फेसबुक, एक्स, यूट्यूब पर इन एप्स से जुड़े सैकड़ों से लोगों लोगों की फीड तक इन्हें पहुंचाया जा रहा है। इन एड में एआई जनरेटेड भारतीय महिलाओं को दिखाया गया। इन विज्ञापनों की भाषा शैली बेहद आपत्तिजनक और अश्लील है। अधिकांश एप्स को वीडियो कॉल, चैट और सोशल एप के तौर पर लिस्ट किया गया, लेकिन इनका असली काम ऑनलाइन साइबरसेक्स रैकेट चलाना है।

वियतनाम और हांगकांग कनेक्शन

फेसबुक पर Funny Video Call- fake Chat नाम से एक एप का प्रचार मिला है। यह प्रचार बेहद आपत्तिजनक और अश्लील है। इसमें नग्र वीडियो का इस्तेमाल किया गया। यह विज्ञापन फेसबुक की गाइडलाइंस के खिलाफ भी है। बावजूद इसके यह विज्ञापन धड़ल्ले से लोगों की फीड तक पहुंचाया जा रहा है। जानकारी जुटाने पर बता चला कि इस विज्ञापन का संचालन वियतनाम से किया जा रहा है। इसका भुगतान ONE PERCENT JOINT STOCK COMPANY की कंपनी ने किया है।

 

यूट्यूब पर IHoney- Live Video Calls नाम से एक अन्य एप का भी विज्ञापन मिला। पड़ताल में पता चला कि यह एप भी ऑनलाइन अश्लील वीडियो कॉल जैसी सुविधा पैसों में प्रदान करता है। इस एप का विज्ञापन हांगकांग की कंपनी HONGKONG ADMAX LIMITED ने चलाया है। 

इन एप्स से दिक्कत क्या

  • लोगों की निजता का उल्लंघन होने की शक
  • वीडियो कॉल, फोटो और निजी पल को रिकॉर्ड करके उगाही की जा सकती है
  • निजी डाटा के आधार पर ब्लैकमेल और गैर-कानूनी काम करने पर मजबूर किया जा सकता है
  • इन एप्स से जुटाया गया धान देश-विरोधी काम में भी इस्तेमाल हो सकता है

तुर्किये से चलाया जा रहा वीडियो कॉल एप

यूट्यूब पर KiviChat नाम के एक अन्य एप का विज्ञापन चीन से किया जा रहा है। INTELISLAND INTERACT TECHNOLOGY LIMITED ने विज्ञापन का भुगतान किया है। विज्ञापनदाता के तौर पर Guangdong Inter-Island Technology Co. Ltd. नाम की कंपनी का नाम दर्ज है। यूट्यूब पर ही देसी हब (Desihub) नाम के एप का संचालन तुर्किये से किया जा रहा है। मुहम्मद एलहत्ताब ने विज्ञापन का भुगतान किया है। 

 

अश्लील एप्स को बढ़ावा देने में जुटे फेसबुक और यूट्यूब

पोर्नोग्राफी के खिलाफ स्पष्ट गाइडलाइन के बावजूद यूट्यूब और फेसबुक अपने ही प्लेटफॉर्म में इन एप्स को बढ़ावा दे रहे हैं। इसका एक कारण यह हो सकता है कि इन एप्स के विज्ञापन में दो अर्थी शब्दों का इस्तेमाल किया गया। कई विज्ञापन को म्यूजिक और ऑडियो व सोशल एप्स के तौर पर लिस्ट किया गया है। हो सकता है कि इसी वजह से फेसबुक और यूट्यूब के एड रिव्यू सिस्टम इन्हें नहीं पकड़ पाते हैं।

 

मसलन, यूट्यूब में अपना गर्ल नाम के एप को सोशल मीडिया नेटवर्क के तौर पर लिस्ट किया गया, जबकि यह एप पैसे के बदले न्यूड वीडियो कॉल जैसे कार्यों में लिप्त है। जॉर्डन से एप का विज्ञापन किया गया और इसकी फंडिंग नायेफ मूसा अहमद अल-खतीब ने किया है। 

 

Bandi Lite नाम का एक ऐसा ही एप चीन से संचालित किया जा रहा है। Yaarmet एप के पीछे भी चीनी कंपनी है। यूट्यूब पर उसका एड भी चीन से संचालित किया जा रहा है। महिलाओं के साथ पैसे के बदले न्यूड वीडियो कॉल नेटवर्क चलाने वाले अधिकांश एप्स हांगकांग और चीन से संचालित हैं या उनकी फंडिंग की जा रही है।

सिर्फ तीन परमिशन मांगते हैं ये एप

  • नोटिफिकेशन
  • कैमरा
  • माइक्रोफोन

एक जैसा सभी का इंटरफेस

सभी एप्स का इंटरफेस एक जैसा है। पड़ताल में यह भी साफ हुआ कि अधिकांश एप्स में इस्तेमाल की गईं महिलाओं की तस्वीरें भी एक जैसी हैं। इससे इस बात का शक है कि क्या इन एप्स को कुछ लोगों का नेटवर्क ही संचालित कर रहा है। एप्स के काम करने का तरीका भी एक जैसा है। ऐसा लगता है कि हर एप एक-दूसरे का क्लोन है।

चिंताजनक क्या है?

इन एप्स में लॉगिन करने की प्रक्रिया बेहद आसान है। लगभग सभी एप्स में 'क्विक लॉगिन' का ऑप्शन है। एक क्लिक पर आप एप के अंदर होते हैं। कोई वेरिफिकेशन या मोबाइल नंबर के माध्यम से रजिस्ट्रेशन जैसी सुविधा नहीं है। अगर सुरक्षा एजेंसियों को एप से होने वाली बातचीत और यूजर्स की गतिविधि को ट्रैक करना है तो यह बेहद मुश्किल होगा। विदेश से संचालित होने के कारण इन एप्स के संवेदनशील डेटा तक पहुंचना भी आसान नहीं होगी।

 

निजता: ये एप्स भारत में न तो रजिस्टर्ड हैं और न ही कोई नामी कंपनी से हैं। ऐसे में यह यूजर्स की निजता का ख्याल रखेंगे... यह अपने आप में बड़ा सवाल है। अगर यह उल्लंघन करते हैं तो इनके पीछे के असली चेहरों तक पहुंचना भी मुश्किल होगा। कानूनी कार्रवाई करना भी बेहद पेचीदा होगा।

 

सिम-बाइंडिंग नियम बाईपास: भारत सरकार के दूरसंचार विभाग ने हाल ही में सिम-बाइंडिंग नियम के तहत व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे मैसेजिंग एप्स के लिए यह जरूरी किया है कि रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की एक्टिव सिम उसी डिवाइस पर होना चाहिए, जिससे यूजर बातचीत कर रहा है। जबकि वीडियो कॉल और चैट के नाम पर मौजूद यह एप्स सिर्फ इंटरनेट कनेक्शन के माध्यम से बातचीत की सुविधा देते हैं। यह बेहद चिंताजनक है।

 

कैसे काम करते हैं ये एप्स

अधिकांश एप्स में भारत की कई प्रसिद्ध महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की तस्वीरों का गलत इस्तेमाल किया गया है। एआई के माध्यम से इनकी तस्वीरों को आपत्तिजनक बनाया गया है। यह सभी आपत्तिजनक एप्स टोकन सिस्टम पर काम करते हैं। एप पर क्विक लॉगिन करते ही आपको तमाम महिलाओं के कॉल और मैसेजे आने लगते हैं। ऐसा लगता है कि पूरे सिस्टम को एआई से नियंत्रण किया जा रहा है।

 

इन एप्स में पैसों के बदले अश्लील बातचीत की सुविधा दी जा रही है। सैकड़ों रुपये में टोकन मिलते हैं। इन्हीं टोकन के माध्यम से बातचीत होती है। यह एक तरीके से सेक्स रैकेट का ऑनलाइन रूप है।

इन एप्स से असली खतरा क्या?

कई एप्स 14 रुपये प्रति मिनट तक पैसे वसूल रहे हैं। यह पैसा कहां जा रहा है, किसके पास जा रहा है... इन एप्स के पीछे कौन सी कंपनी है, इसकी कोई जानकारी भी मौजूद नहीं है। इनके पास कैमरा और माइक्रोफोन का एक्सेस होता है। इन एप्स के माध्यम से यूजर्स पर निगाह रखी जा सकती है। माइक्रोफोन से निजी बातें सुनी जा सकती हैं।

 

एक खतरा यह भी है कि एप्स के पीछे के असली चेहरे यूजर्स की प्राइवेट फोटो, वीडियो कॉल और मैसेज को रिकॉर्ड कर सकते हैं। इनके आधार पर ब्लैकमेल कर सकते हैं। सेक्सटॉर्शन के नाम पर उनसे धन की उगाही की जा सकती है। कोई गैर-कानूनी काम करवाने पर मजबूर भी किया जा सकता है।

खतरनाक एप्स पर भारत कर चुका डिजिटल स्ट्राइक

डेटा सुरक्षा और सार्वजनिक हित में भारत सरकार पहले भी चीनी व अन्य विदेशी एप्स के खिलाफ एक्शन ले चुकी है। अब इस मामले में देखना है कि कोई कदम उठाया जाता है या नहीं। जून 2020 में गलवान घाटी में हिंसक झड़प के बाद भारत ने सैकड़ों चीनी और विदेशी एप्स पर एक्शन लिया था। कुछ चीनी वेबसाइट्स को ब्लॉक भी किया गया। 

 

 

डाटा सुरक्षा के लिहाज से भारत ने 2020 में तीन बार चीनी एप्स को बैन करने का कदम उठाया था। इसमें कुल 220 एप्स को ब्लॉक किया गया था। केंद्र सरकार ने आईटी एक्स- 2000 की धारा 69A के तहत इन एप्स पर एक्शन लिया था। भारत सरकार ने AliExpress, Shein, UC Browser, TikTok, WeChat, PUBG Mobile जैसे लोकप्रिय एप्स को भारतीय बाजार से बाहर कर दिया था।

2022 में 54 एप्स ब्लॉक

2020 में ही केंद्र सरकार ने राज्यसभा में बताया था कि उसने 224 एप्स को ब्लॉक किया है। साल 2021 में सरकार ने 59 एप्स पर कार्रवाई को स्थायी किया था। 2020 में ही डेटा सुरक्षा और सार्वजनिक हित के तहत पर केंद्र ने WeTransfer वेबसाइट पर भी एक्शन लिया था। 2022 में चीन से जुड़े गेमिंग प्लेटफॉर्म और 54 एप्स पर बैन लगा था। 7 दिसंबर 2020 को लोकसभा में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने जानकारी दी कि कुल 348 मोबाइल ऐप्स को ब्लॉक किया गया है।

 

अब तक 652 एप्स ब्लॉक

6 अप्रैल 2022 को लोकसभा में केंद्र सरकार ने एक सवाल के जवाब में बताया कि 2019 में कुल 3,635 यूआरएल, 2020 में 9,849 और 2021 में 6,096 यूआरएल को ब्लॉक किया गया। 25 मार्च 2026 को लोकसभा दिए गए जवाब के मुताबिक सरकार अब तक 652 मोबाइल एप्स को ब्लॉक कर चुकी है। डेटा सुरक्षा और अन्य गड़बड़ियों के कारण यह निर्णय लिया गया है।