उत्तर प्रदेश के वृंदावन में रहने वाले इंद्रदेव महाराज पर यौन शोषण का गंभीर आरोप लगा है। पुणे की रहने वाली एक 42 साल की महिला ने उन पर शारीरिक और मानसिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला का कहना है कि उनके धार्मिक आस्था का गलत फायदा उठाकर उसके साथ यौन शोषण किया है। इंद्रदेव और एक महिला का ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित महिला की शिकायत के बाद महाराष्ट्र के मीरा-भयंदर स्थित काशीमीरा पुलिस स्टेशन में जीरो FIR दर्ज की गई है।
आपको बता दे कि घटना का मुख्य स्थल उत्तर प्रदेश का वृंदावन क्षेत्र है इसलिए महाराष्ट्र पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए केस वृंदावन पुलिस को सौंप दिया है।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर 42 लोग पटाखे फोड़ते समय झुलसे, एक की हालत गंभीर; AIIMS में चल रहा इलाज
क्या हैं महिला के आरोप?
पीड़िता के मुताबिक, वह साल 2023 में सोशल मीडिया पर महाराज के धार्मिक प्रवचन देखकर उनके संपर्क में आई थी। इसके बाद वह मुंबई में आयोजित एक सत्संग में शामिल हुई। उनसे मिलने के बाद उस महिला ने महाराज से दीक्षा लेने की इच्छा जताई। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और महाराज ने महिला की निजी परेशानियों को दूर करने का भरोसा देकर उसका विश्वास जीत लिया।
महिला का आरोप है कि इलाज के बहाने उसे वृंदावन में 'सेवाधाम आश्रम' में बुलाया गया। साथ ही रात के समय फोन करके उसे कमरे में बुलाया गया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। महिला ने यह आरोप लगाया है कि वह उसके साथ वीडियो कॉल पर अश्लील हरकतें करते थे। कॉल की रिकॉर्डिंग रखने और विरोध करने पर बदनामी और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
8 महीने के संघर्ष के बाद दर्ज हुई FIR
पीड़ित महिला का कहना है कि वह पिछले 8 महीनों से न्याय पाने के लिए चक्कर काट रही थी। बाद में सामाजिक संस्था 'भूमाता ब्रिगेड' की अध्यक्ष तृप्ति देसाई के हस्तक्षेप के बाद यह मामला पुलिस तक पहुंचा। यह केस भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 69, 75, 79 और 351(2) के तहत दर्ज किया गया है। तृप्ति देसाई ने मांग की है कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। साथ ही अगर इस तरह का अन्याय किसी अन्य महिला के साथ भी हुआ है तो पुलिस उसकी भी जांच करें।
कौन हैं इंद्रदेव और क्या है निरंजनी अखाड़े का रुख?
इंद्रदेव महाराज वृंदावन, उत्तर प्रदेश के एक भागवत कथावाचक और निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर हैं। मामला सामने आने के बाद वृंदावन के संत समाज ने भी सख्त रुख अपनाया है। अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्र पूरी ने कहा कि संत समाज किसी भी अनैतिक काम का समर्थन नहीं करता। पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट आते ही संगठन स्वामी इंद्रदेव के खिलाफ सख्त कानूनी और संगठनात्मक कार्रवाई करेगा।
यह भी पढ़ें: दीवाली की रात हादसे ही हादसे, जलकर, डूबकर और रोड एक्सीडेंट में 26 लोगों की मौत
वहीं आनंद अखाड़े के अध्यक्ष महंत शंकारानंद सरस्वती ने इंद्रदेव के संन्यास पर ही सवाल उठा दिए। उन्होंने कहा कि इंद्रदेव ने अखाड़े से कभी औपचारिक संन्यास की दीक्षा नहीं ली थी। वह केवल एक कथावाचक थे। उन्होंने यह भी कहा कि इंद्रदेव का आचरण पारंपरिक संन्यासियों जैसा नहीं रहा है। फिलहाल पुलिस पीड़िता के बयानों और डिजिटल सबूतों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
