पूर्व प्रधानमंत्री इंदर कुमार गुजराल के बेटे नरेश गुजराल, साइबर ठगी का शिकार हो गए। पूर्व राज्यसभा सांसद नरेश को साइबर ठगों ने 7.68 करोड़ रुपये का चूना लगाया है। उनकी कंपनी के चीफ फाइनेंस ऑफिसर को साइबर ठगों ने अपने निशाने पर लिया और तगड़ी लूट मचाई। ठगों ने खुद को नरेश गुजराल के तौर पर पेश किया और अलग-अलग रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (RTGS) के जरिए बीते सप्ताह 7.68 करोड़ रुपये तक की पूंजी ट्रांसफर करा ली।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि FIR मंगलवार को ही दर्ज कर ली गई थी। 7 करोड़ रुपये से ज्यादा की इस ठगी में पहले नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग हेल्पलाइन 1930 पर कॉल की गई। दिल्ली पुलिस की स्पेशल साइबर सेल क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट, इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजक ऑपरेशन (IFSO) ने केस की छानबीन की। 4.28 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए गए हैं। 

 

यह भी पढ़ें: बिहार पुलिस ने बनाई डिजिटल कमांडो फोर्स, अब साइबर ठगों की खैर नहीं!

कैसे हुई करोड़ों की ठगी?

12 जून को कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) शुभम सिंह को वॉट्सऐप पर एक मैसेज मिला। प्रोफाइल पिक्चर में नरेश गुजराल की तस्वीर छपी थी। मैसेज भेजने वाले शख्स ने खुद को नरेश के तौर पर पेश किया और कहा कि वह बैंक में RTGS के जरिए पैसे जमा करना चाहता है। मैसेज मिलने के बाद शुभम सिंह ने 7.68 करोड़ रुपये एकाउंट में ट्रांसफर करा दिया। 

एहसास भी नहीं कि उड़ गए खाते से 7 करोड़ 

16 चून को CFO ने नरेश गुजराल की बेटी से पैसों के ट्रांसफर के बारे में बात की। उन्होंने अपने पिता से इस संबंध में बात की। उन्होंने इसे खारिज कर दिया, उन्होंने दावा किया कि CFO को ऐसे कोई निर्देश दिए ही नहीं गए थे। जैसे ही उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है, उन्होंने साइबर ठगी की पुलिस में तहरीर दी। 

यह भी पढ़ें: देश में पहली बार 1 लाख के पार पहुंचे साइबर क्राइम केस, एक साल में 18% बढ़े मामले

पुलिस ने क्या कहा है?

पुलिस ने कहा, 'शुरुआती जांच में यह पता चला है कि साइबर ठगों ने उनका वॉट्सऐप अकाउंट हैक कर लिया और खुद को नरेश कुमार गुजराल के तौर पर पेश किया। पैसों का ट्रांसफर 3 से 4 खातों से हुआ है। करीब 70 फीसदी पैसे फ्रीज कर दिया है। 

नरेश गुजराल ने क्या कहा है?

नरेश गुजराल ने भी साइबर फ्रॉड की बात कही है। हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि करीब 70 फीसदी रकम रिकवर कर ली गई है। दावा है कि और भी रिकवर किया जा सकता है। नरेश गुजराल ने अपील की है कि लोग साइबर फ्रॉड की शिकायत करें, जिससे पैसे वापस हो सकें।

आप इससे बचने के लिए क्या कर सकते हैं?

साइबर ठगी की तत्काल शिकायत दें। कोई भी वित्तीय लेन-देन या ओटीपी शेयर सिर्फ मैसेज देखकर न करें। किसी भी तरह की धोखाधड़ी की शिकायत, साइबर क्राइम पोर्टल पर दें। 1930 पर कॉल करके भी साइबर फ्रॉड की शिकायत दे सकते हैं।