राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने गायक और संगीतकार अदनान सामी के साथ भोजन किया। अब इस पर सियासत भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने संघ प्रमुख की आलोचना की और अदनान सामी के साथ खाना खाने को 'राष्ट्र-विरोधी' कृत्य तक बता डाला। दरअसल, आरएसएस के शताब्दी वर्ष कार्यक्रम में अदनान सामी पहुंचे थे। सामी ने संघ प्रमुख के साथ अपनी फोटो एक्स अकाउंट पर शेयर की।
कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने इस फोटो पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। महाराष्ट्र कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, 'अदनान सामी के पिता अरशद सामी खान पाकिस्तानी एयर फोर्स के पायलट थे, जिन्होंने 1965 की लड़ाई में पठानकोट एयरबेस को तबाह किया था। आज मोहन भागवत उनके साथ लंच कर रहे हैं। आरएसएस = राष्ट्रविरोधी।'
यह भी पढ़ें: कौन हैं शबाना महमूद, जो बन सकती हैं ब्रिटेन की पहली मुस्लिम प्रधानमंत्री
अब गायक अदनान सामी ने कांग्रेस के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'महाराष्ट्र कांग्रेस के मेरे प्यारे सम्मानित साथी देशभक्तों, यह आपके साथ नाइंसाफी होगी अगर कोई आपको उस दुखद बंटवारे के लिए दोषी ठहराता है, जिसके लिए आपके पूर्वज जिम्मेदार थे, क्योंकि उनके किसी भी काम के लिए आपको जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। बावजूद इसके आज आप पाकिस्तान को एक जायज मुल्क मानते हैं। यह कभी भारत था और अब पाकिस्तान है, इसलिए जब एक वैध परिवर्तन कानूनी तौर पर और प्रक्रिया के अनुसार हो गया है तो आप उसे स्वीकार करें और आगे बढ़ें। कोई शक? इसी तरह कृपया आगे बढ़ें।'
अदनाम सामी ने संजय राउत की प्रतिक्रिया का भी जवाब दिया। उन्होंने आगे लिखा, 'मेरे प्यारे संजय जिस घटिया तरीके से आप हारमोनियम बजाते हो, उसके लिए तुम्हारे प्यारे पिता को दोष देना बहुत गलत होगा। तुम्हारी उंगलियां चलाने का तरीका पूरी तरह से गलत है! मुझे तुम्हें सिखाकर खुशी होगी!'
गायक ने यह भी लिखा, 'मैं कोई नेता नहीं हूं। मैं एक संगीतकार हूं, जो अपने गानों से प्यार फैलाता है। इसलिए जो भी मुझे प्यार देगा, मैं उससे प्यार करूंगा। मैं आप सभी से भी प्यार करता हूं। अगली बार प्यार आजमाएं... बस इतना ही! जय हिंद और जय महाराष्ट्र!' बता दें कि शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने अदनान सामी को कार्यक्रम में आमंत्रित करने पर आरएसएस की आलोचना की थी।
यह भी पढ़ें: 'ठाकुर हूं मैं...' कानपुर में महिला बैंक स्टाफ ने किया ड्रामा, कस्टमर को धमकाया
सामी ने की थी भगवत की तारीफ
8 फरवरी यानी रविवार को अदनाम सामी संघ के कार्यक्रम में पहुंचे थे। फेसबुक हैंडल पर संघ प्रमुख के साथ अपनी फोटो साझा की और मोहन भागवत की प्रशंसा भी की थी। अदनान सामी ने लिखा था, 'आरएसएस के महान सरसंघचालक मोहन भागवत के साथ एक अविश्वसनीय दोपहर बिताई। उन्हें सुनना आनंददायक था और उन्होंने बड़ी कुशलता से कई मिथकों और गलतफहमियों को दूर किया। एक अद्भुत सज्जन और सुंदर आत्मा।'
