कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में गांधी परिवार के अंदरूनी रिश्तों को लेकर कई अहम बातें लिखी हैं। किताब में उन्होंने अपने, अपने बच्चों, अपने पति और अपनी सास के बारे में तो लिखा ही है लेकिन इसके साथ ही उन्होंने अपने देवर और देवरानी के परिवार के बारे में भी लिखा है। उन्होंने अपनी किताब में संजय गांधी और मेनका गांधी की शादी से लेकर दोनों के बीच बढ़ते तनाव और परिवार में हुए मनमुटाव का जिक्र किया है। सोनिया गांधी ने संजय की मौत के बाद मेनका पर वरुण गांधी का राजनीति के लिए इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया है।

 

सोनिया ने बताया है कि कैसे एक हंसमुख और बातूनी लड़की शादी के बाद गांधी परिवार की छोटी बहू बनी और धीरे-धीरे घर का माहौल बदलने लगा। उन्होंने परिवार के भीतर होने वाली कहासुनी और मेनका के व्यवहार से जुड़ी कई बातें भी शेयर की हैं। सोनिया गांधी ने बताया कि साल 1973 के आखिर में संजय गांधी की मुलाकात मेनका गांधी से हुई थी। उन्होंने बताया कि उस समय मेनका गांधी नाबालिग थी। 

 

यह भी पढ़ें: 7,000 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में ओडिशा की महिला अधिकारी बर्खास्त

मेनका गांधी पर क्या लिखा?

सोनिया गांधी के मुताबिक, पहली मुलाकात के समय मेनका एक खूबसूरत और जिंदादिल लड़की थीं और संजय से करीब 10 साल छोटी थीं। सोनिया ने लिखा है कि उस वक्त मेनका नाबालिग थीं। मुलाकात के एक साल के भीतर दोनों ने शादी कर ली। शादी के समय मेनका की उम्र 18 साल थी। इसके बाद वह गांधी परिवार का हिस्सा बन गईं। घर में उन्हें छोटी बहू के तौर पर देखा जाने लगा। 

सोनिया लिखती हैं कि शुरुआत में परिवार में एक छोटी और बातूनी ननद का आना उन्हें अच्छा लगा था। मेनका का जोश और उनका मिलनसार स्वभाव घर के माहौल को नया बना रहा था, लेकिन कुछ समय बाद छोटी-छोटी बातों पर घर में तनाव बढ़ने लगा। सोनिया ने किताब में बताया है कि घर के स्टाफ उन्हें बहुरानी कहकर बुलाते थे। वह खुद और मेनका दोनों को परिवार की बराबर की बेटियां मानती थीं।

क्यों खराब हुए रिश्ते?

सोनिया गांधी ने लिखा कि उनका मानना था कि घर में दोनों (सोनिया और मेनका) के लिए अपनी-अपनी जगह है और किसी को किसी से कम नहीं समझा जाना चाहिए। हालांकि, सोनिया के मुताबिक मेनका शायद इस बात को अलग तरीके से देखती थीं। उन्हें लगता था कि सोनिया का यह व्यवहार उन्हें कम अहमियत देने जैसा है। सोनिया लिखती हैं कि जब मेनका उनसे रूखे तरीके से बात करती थीं, तो वह अक्सर घर की शांति बनाए रखने के लिए चुप रहती थीं। लेकिन जब बात ज्यादा बढ़ जाती थी, तो वह भी सख्ती से जवाब देती थीं।

 

यह भी पढ़ें: 'औरतों को चोरी-छिपे देखते', बिल क्लिंटन से मुलाकात पर सोनिया गांधी ने क्या लिखा?

संजय मेनका के संबंध क्यों हुए खराब

किताब में सोनिया ने संजय और मेनका के रिश्ते में बढ़ती तल्खी का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच होने वाली बहस परिवार के दूसरे लोगों को भी सुनाई देने लगी थी। पहले की तुलना में उनकी बातचीत ज्यादा तेज और गुस्से वाली होने लगी थी। 

 

सोनिया ने लिखा है कि जब मेनका नाराज होती थीं, तो वह गाली-गलौज वाले शब्दों का इस्तेमाल भी करती थीं। कई बार ऐसा उनकी सास इंदिरा गांधी के सामने भी होता था। सोनिया के मुताबिक, घर में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल बिल्कुल पसंद नहीं किया जाता था। इससे संजय को भी शर्मिंदगी होती थी और परिवार के बाकी लोग भी हैरान रह जाते थे।

राजीव और संजय के कैसे रिश्ते थे?

सोनिया गांधी ने बताया कि संजय गांधी की राजनीति में मेनका गांधी की बढ़ती भागीदारी के कारण तनाव बढ़ने लगा था और इसका असर राजीव और संजय के रिश्ते पर भी पड़ा। राजीव गांधी ने संजय को मां इंदिरा गांधी को राजनीतिक नुकसान पहुंचाने के लिए जिम्मेदार ठहराया था। इस पर इंदिरा गांधी भी सहमत थी। सोनिया ने लिखा कि राजीव ने संजय से कहा कि मैं तुम्हें माफ नहीं कर सकता संजय, तुम्हारी वजह से मां को इस हालत में पहुंचना पड़ा है। सोनिया ने दावा किया कि दोनों की बातचीत के बीच मेनका के हस्तक्षेप से रिश्ते बिगड़ गए। 

 

सोनिया ने यह भी कहा कि मेनका की नजर में हम दुश्मन थे। इसके साथ ही मेनका पर आरोप लगाया कि वह पत्रकारों के जरिए अफवाह फैलाती थी। सोनिया ने लिखा कि उन्हें उस बात का सबसे ज्यादा दुख हुआ जिसमें कहा गया था कि चुनाव हारने के बाद राजीव और सोनिया देश छोड़कर भागने का प्लान बनाया था। 

 

यह भी पढ़ें: 'प्रणब PM बनना चाहते थे, मैं हैरान थी', सोनिया गांधी ने किताब में किया खुलासा

संजय की मौत के बाद क्या हुआ?

सोनिया गांधी ने लिखा कि 1980 में संजय गांधी की मौत के बाद परिवार में मतभेद और गहरे हो गए। सोनिया का दावा है कि मेनका की मां संजय के समर्थकों से मेनका को राजनीतिक भूमिका देने की मांग करने को कहती थी। वहीं, इंदिरा गांदी का मानना था कि मेनका की उम्र कम है और वह वरुण गांधी की देखभार कर रही हैं। ऐसे में उन्हें राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं देनी चाहिए। 

 

वरुण गांधी के बारे में लिखते हुए उन्होंने कहा कि वरुण का जन्मदिन वसुंधरा राजे के घर पर मनाए जाने से इंदिरा गांधी नाराज थीं। इसके बाद मेनका गांधी की पत्रिका आरएसएस से जुड़े व्यक्ति को बेचे जाने पर परिवार में विवाद हुआ। सोनिया ने लिखा कि मेनका ने जानबूझकर घर छोड़ते समय पूरी घटना को तोड़-मरोड़कर पेश किया और उसके बाद तमाशा हुआ। उन्होंने इसके बाद मेनका गांधी पर अलग राजनीतिक राह पकड़ने और प्रचार के दौरान अपने बेटे वरुण गांधी का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया।