केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शुक्रवार को दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा को हटा दिया और उनकी जगह अनुराग कुमार को नया पुलिस आयुक्त नियुक्त कर दिया है। अनुराग कुमार 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्हें तीन साल के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकारी आदेश के अनुसार, अनुराग कुमार तुरंत प्रभाव से दिल्ली पुलिस आयुक्त का पद संभालेंगे।

सतीश गोलचा के अचानक हटाए जाने की वजह प्रशासनिक फैसलों में अनियमितताएं बताई जा रही हैं। इनमें थाना प्रभारी (SHO) की पोस्टिंग में बदलाव और जंतर मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को संभालने का तरीका शामिल है। एक्टिविस्ट सोमन वांगचुक जंतर मंतर पर 21 दिनों से धरने पर बैठे हैं। 

यह भी पढ़ें: कौन हैं अनुराग कुमार जिन्होंने दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गलोचा की ली जगह?

क्यों सतीश गोलचा की विदाई हुई?

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि प्रदर्शन को ज्यादा पेशेवर तरीके से संभाला जा सकता था। दिल्ली पुलिस में बढ़ते भ्रष्टाचार के मामले भी इस फैसले का एक बड़ा कारण बने। हाल ही में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन ( CBI ) ने दो इंस्पेक्टरों को अलग-अलग भ्रष्टाचार के मामलों में गिरफ्तार किया था।

किन मुद्दों पर असफल रहे?

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक विधानसभा में सुरक्षा उल्लंघन, दक्षिण दिल्ली में नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार और हत्या, साउथ दिल्ली के होटल में आग लगने से 23 लोगों की मौत और विदेशी गिरोहों के एक्सटॉर्शन के बढ़ते मामले भी गृह मंत्रालय के नाराजगी का कारण बने। यह एक साल के अंदर दूसरी बार है जब गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को उनका कार्यकाल पूरा होने से पहले बदल दिया है। 

यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने किया ISI से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

मुद्दे जो केंद्र की आंखों की किरकिरी बने

सतीश गोलचा ने अगस्त 2025 में एसबीके सिंह की जगह कमान संभाली थी। पहले के आयुक्त संजय अरोड़ा के समय एसएचओ पोस्टिंग में पारदर्शिता के लिए सख्त नियम बनाए गए थे। इंटरव्यू और कूलिंग पीरियड की व्यवस्था थी। सतीश गोलचा के समय यह प्रक्रिया बदल गई। बिना इंटरव्यू के कई लिस्ट जारी कर की गईं, जिस पर केंद्र सरकार की तरफ से बार-बार नाराजगी जताई गई। अनुराग कुमार को इंटेलिजेंस ब्यूरो से वापस उनके मूल कैडर में भेजा गया है।

अब सतीश गोलचा का क्या होगा?

 सतीश गोलचा को अब उपराज्यपाल कार्यालय में रिपोर्ट करना होगा, जहां से उनकी अगली पोस्टिंग तय की जाएगी। सतीश गोलचा की रिटायरमेंट में अभी 1 साल से ज्यादा का वक्त है।