दक्षिण दिल्ली के संगम विहार इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 22 साल की शादी के बाद पत्नी मंजू उर्फ नाजिया ने कथित प्रेमी चमन के साथ मिलकर अपने पति मुन्ना लाल की हत्या की साजिश रची थी। 10 अगस्त की सुबह रतिया मार्ग स्थित घर में मुन्ना लाल का शव खून से लथपथ मिला था। इस मामले में अब पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि इस मामले में मृतक की पत्नी ने ही साजिश की थी। 

 

पुलिस के मुताबिक, मुन्ना लाल की 45 साल की पत्नी मंजू ने अपने 20 साल के प्रेमी चमन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। जांच में सामने आया कि मंजू अपने पति से नाराज थी और चमन के साथ आगे की जिंदगी बिताना चाहती थी। पुलिस का दावा है कि उसने पति को रास्ते से हटाने के लिए चमन को 5 लाख रुपये और आगे आर्थिक मदद देने का वादा किया था।

 

यह भी पढ़ें: 30 साल बाद मिल रही थी पैरोल, बेअंत सिंह के हत्यारे ने लेने से क्यों मना कर दिया?

 

कैसे की हत्या?

पुलिस के अनुसार, यह वारदात 9 अगस्त की रात की है। पुलिस ने बताया कि चमन से मिली नींद की गोलियां मंजू ने पति के खाने में मिला दीं। मुन्ना लाल के बेहोशी की हालत में पहुंचने के बाद दोनों ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। फॉरेंसिक जांच में पता चला कि व्यक्ति को नशीला पदार्थ दिया गया था, उसका गला घोंटा गया था, सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से वार किया गया था और उसके निजी अंगों पर करंट भी लगाया गया था। घटनास्थल पर पुलिस को कई ऐसी गड़बड़ियां मिलीं, जिनसे उन्हें शक हुआ कि यह हत्या किसी चोर या लुटेरे का काम नहीं थी।

 

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों ने घर में सामान बिखेरकर और खून के निशान मिटाने की कोशिश कर वारदात को लूट के बाद हत्या जैसा दिखाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान उन्हें पता चला कि उस व्यक्ति की हत्या उसकी पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर की थी। दोनों ने कथित तौर पर हत्या को चोरी की वारदात दिखाने के लिए घटनास्थल को इस तरह से तैयार किया था।

सीसीटीवी से हुआ खुलासा

पुलिस को सबसे अहम सुराग आसपास लगे CCTV कैमरों से मिला। फुटेज में रात करीब 1 बजकर 45 मिनट पर एक नकाबपोश व्यक्ति घर में दाखिल होता और करीब 3 बजकर 5 मिनट पर बाहर निकलता दिखाई दिया। इसी दौरान घर के बाहर एक महिला और उसके सहयोगी की संदिग्ध गतिविधियां भी कैमरे में कैद हुईं। घटनास्थल पर फर्श पर ऐसे निशान मिले, जिनसे पुलिस को लगा कि खून के निशान साफ करने की कोशिश की गई थी।

पत्नी से पूछताछ में खुलासा

बताया जा रहा है कि पुलिस ने मृतक की पत्नी मंजू से भी पूछताछ की और इसी दौरान पुलिस को उस पर शक हुआ। बताया जा रहा है कि महिला ने घरेलू कलह, आर्थित तंगी और मारपीट से तंग आकर प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनकी पहचान मंजू उर्फ नाजिया, उसका प्रेमी चमन और किशन के तौर पर हुई है। किशन ने चमन को शरण दी थी जिसके कारण वह इस मामले में जांच का सामना कर रहा है।

 

यह भी पढ़ें: मंदिरों में चंदा चोरी पर बवाल, गुरुद्वारों में कैसे रखा जाता है चंदे का हिसाब?

प्रेमी को दिए थे पैसे

दक्षिण दिल्ली के पुडीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को संगम विहार इलाके में हुई मुन्ना लाल की हत्या की जांच की। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि महिला ने चमन द्वारा दी गई नींद की गोलियों को पानी में मिलाकर मुन्ना को दी जिससे वह गहरी नींद में सो गया। डीसीपी ने कहा कि इसके बाद दोनों आरोपियों ने मुन्ना लाल का गला घोंटा, बिजली के झटके दिए और उस पर लकड़ी के डंडे से वार किए। डीसीपी ने कहा कि नाजिया ने शुरू में यह दावा करके जांचकर्ताओं को गुमराह करने का प्रयास किया कि चोर घर में घुस आए थे और उसके पति उनके साथ संघर्ष के दौरान मारे गए। उन्होंने आगे बताया कि महिला ने अपने पति की हत्या की साजिश में मदद करने के लिए अपने प्रेमी को पांच लाख रुपये देने का वादा किया था, लेकिन उसे बाद में 20 हजार रुपये दिए। अब पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।