कर्नाटक के मांड्या जिले में 2019 में एक महिला की 'हत्या' कर दी गई। हत्या के आरोप में एक शख्स को ढाई वर्ष तक जेल की हवा भी खानी पड़ी। अब सात साल बाद वह महिला जिंदा मिली। जमानत मिलने के बाद शख्स ने महिला की तलाश जारी रखी। एक दिन मांड्या जिले में ही महिला के होने की जानकारी मिली। इसके बाद फर्जी हत्या मामले से पर्दा उठा गया। पुलिस पूछताछ में महिला ने शख्स को बेकसूर बताया है।
कर्नाटक के मांड्या जिले के पांडवपुरा की रहने वाली मंजू का ब्याह उसके घरवाले उसकी इच्छा के विरुद्ध कर दी। इससे खफा मंजू ने घर छोड़ने का फैसला लिया। 3 जुलाई 2019 को मंजू अपने घर से चली गई। बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात राजेश से हुई। मंजू ने उससे कॉल करने के लिए मोबाइल मांगा।
यह भी पढ़ें: 'आप तो कम बता रहीं', पहली बार अखिलेश ने बताया- कांग्रेस ने कितनी सीटें मांगी?
मंजू ने अपने घर में कॉल करके बताया कि वह अपने प्रेमी से ब्याह करेगी। इस कारण घर छोड़कर आई है। पिता नागराजू को लगा वह लौट आएगी, लेकिन मंजू नहीं लौटी। इसके बाद उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। आखिरी कॉल के आधार पर पुलिस ने राजेश को पकड़ा। दो साल बाद तक जब मंजू का पता नहीं चला तो पुलिस ने 2021 में गुमशुदगी का मामला बंद कर दिया।
लड़की के पिता नागराजू ने 11 अगस्त 2021 को एक नई शिकायत दर्ज की। इसमें दो लोगों के दावों के आधार पर राजेश पर मंजू को किडनैप करने और बाद में हत्या करने का आरोप लगाया। दावा किया कि लाश को कावेरी नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने भी आनन-फानन हत्या का मुकदमा दर्ज किया। गवाहों के बयान और कबूलनामे के आधार पर आरोपपत्र भी फाइल कर दिया।ढाई साल तक राजेश को जेल में रहना पड़ा। तब तक पुलिस लड़की का शव भी बरामद नहीं कर पाई।
यह भी पढ़ें: गहने लूटे, फिर नानी-नाती की हत्या, बदायूं में दोहरे हत्याकांड से हड़कंप
अदालत से जमानत मिलने के बाद राजेश ने मंजू की खोज जारी रखी। एक दिन उसकी लीगल टीम को मांड्या के नागममंगला में मंजू के होने की जानकारी मिली। राजेश की शिकायत पर पुलिस ने मंजू को बरामद कर लिया है। उसने अपने बयान में बताया कि राजेश को वह नहीं जानती है। हत्या के केस के बारे में भी कोई जानकारी नहीं है। उसने राजेश को बेकसूर बताया। अब पीड़ित राजेश ने मंजू के पिता और तत्कालीन जांच अधिकारी इंस्पेक्टर प्रभाकर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मांड्या की एसपी शोभारानी ने इस चूक को गंभीर माना है। डिप्टी एसपी से मामले की डिटेल रिपोर्ट मांगी है।
