इंडिया AI इंपैक्ट समिट 2026 के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस होकर प्रदर्शन किया था। इस मामले में कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं और उन्हें कस्टडी में भेजा गया है। अब दिल्ली पुलिस ने यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब से पूछताछ की है। मंगलवार सुबह हुई पूछताछ के बाद उदय भानु चिब को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उदय भानु की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के तिलक मार्ग थाने पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। 


इस घटना के बाद उदय भानु चिब ने इसका समर्थन किया था। उन्होंने X पर लिखा है, 'जो उचित समझा, वह किया' क्योंकि जब देश का सौदा हो रहा था, तब प्रधानमंत्री ने भले ही अमेरिका के सामने सरेंडर किया लेकिन हमने आवाज उठाकर अपने फर्ज को अदा किया।'

 

यह भी पढ़ें: AI समिट हंगामा: यूथ कांग्रेस के खिलाफ BJP का देशव्यापी प्रदर्शन क्यों?

भड़क गई कांग्रेस

 

उदय भानु चिब की गिरफ्तार  पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा है, 'यह बेहद शर्म की बात है कि शांतिपूर्ण आंदोलन करने में भी आपको परेशानी होती है, तानाशाह को परेशानी होती है। तानाशाह को किसी ने आईना दिखाया तो वह उसे जेल में डाल देगा। हम यह जानना चाहते हैं कि क्या पुलवामा के सारे आतंकी गिरफ्तार हो गए? पहलगाम के आतंकी क्या गिरफ्तार हो गए? क्या लाल किले ब्लास्ट के सारे आतंकी गिरफ्तार हो गए? एक टीशर्ट उतारने से आप इतना डर जाते है, देश में आतंकी हमले हो जाते हैं लेकिन आप गिरफ्तारी नहीं कर पाते हो। यह इस सरकार की असलियत है।'

कौन हैं उदय भानु चिब?

 

जम्मू-कश्मीर से आने वाले उदय भानु चिब कांग्रेस नेता हरि सिंह चिब के बेटे हैं। छात्र संगठन NSUI से अपनी राजनीति की शुरुआत करने वाले उदय भानु जम्मू-कश्मीर NSUI के अध्यक्ष भी रहे। बाद में वह NSUI के राष्ट्रीय महासचिव, यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। सितंबर 2024 में उन्हें यूथ कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था और तब से वह इस भूमिका को निभा रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: झारखंड: चतरा में एयरएंबुलेंस क्रैश, कब, कैसे क्यों हुआ हादसा? हर सवाल का जवाब

 

कहा जाता है कि 2024 में जम्मू-कश्मीर में हुए विधानसभा चुनाव में जम्मू नॉर्थ सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे। पूरी तैयारी थी लेकिन गठबंधन में यह सीट नेशनल कॉन्फ्रेंस के खाते में चली गई थी। इससे वह नाराज भी हुए थे लेकिन कांग्रेस की ओर से उन्हें यूथ कांग्रेस की जिम्मेदारी दे दी गई थी। इस सीट पर बीजेपी ने जीत हासिल की थी और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अजय सधोत्रा 20 हजार से भी कम वोट पा सके थे।

 

इस खबर को अपडेट किया जा रहा है।