उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों को लेकर बीजेपी और चुनाव अधिकारियों पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि फॉर्म-6 के जरिए बड़ी संख्या में फर्जी वोट बनवाने की कोशिश की जा रही है। अखिलेश ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों को भविष्य में जवाबदेह होना पड़ेगा।

 

अखिलेश यादव ने अपनी एक्स पोस्ट में ASDD यानी अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरे मतदाताओं की श्रेणी का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी अपनी संभावित हार को देखते हुए इसी श्रेणी की आड़ में फर्जी वोट जुड़वाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने लिखा, 'बूथ से लेकर निर्वाचन आयोग तक हमारे बूथ प्रभारी, पीडीए प्रहरी, घोषित व संभावित प्रत्याशी, प्रदेश से लेकर जिला व विधानसभा स्तर तथा हर वाहिनी के हर पदाधिकारी, पार्टी के सदस्य, समर्थक व शुभचिंतक की हर एक नये वोट पर पैनी-गहरी नजर रहेगीए।'

 

यह भी पढ़ें: 'दिल्ली की यमुना में झाग नहीं, यूपी में है...', प्रवेश वर्मा का दावा कितना सही?

 

अखिलेश को आशंका

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, 'हमने ऐसी व्यवस्था की है कि हर सजग नागरिक अपने पड़ोस के नये जुड़नेवाले वोट पर निगाह रखे। हम एक-एक वोट का हिसाब भी मांगेंगे और अंश मात्र भी बेईमानी होने पर वोट को जुड़ने नहीं देंगे, और किसी तरह जुड़ भी गया तो उसके लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ सबूत सहित तत्काल रिपोर्ट लिखवाकर उसको नौकरी से बर्खास्त भी कराएंगे, पेंशन और फंड भी रुकवाएंगे और सजा भी दिलवाएंगे।'

बीजेपी पर लगाए आरोप

अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए लिखा, 'बीजेपी अधिकारियों पर दबाव डालकर गैरकानूनी रूप से नाम जुड़वाने की जो चाल चल रही है उसके खिलाफ एक-एक सबूत जुटाया जाएगा और एफआइआर भी कराई जाएगी। इस लोकतांत्रिक अपराध में संलिप्त हर किसी के विरुध्द मुकदमा दर्ज करवाकर सजा दिलवाई जाएगी।'

अधिकारियों को दी चेतावनी

अखिलेश यादव ने आग कहा कि जब मुकदमा चलेगा और सजा होगी तो कोई भाजपाई इन दोषी अधिकारियों को बचाने नहीं आएगा। उन्होंने लिखा, 'अधिकारी याद रखें भाजपा किसी की सगी नहीं है। जब जेल में सजा भुगतते हुए ये भ्रष्ट अधिकारी अकेले में बैठकर अपने किये पर पछता रहे होंगे उसी समय जेल के बाहर उनके परिवार के लोग अपने रिश्तेदारों, मित्रों की उलाहना व कटाक्ष झेल रहे होंगे। जो भ्रष्ट अधिकारी ये सोच रहे हैं कि उन्होंने इतना कमा लिया है कि सात पुश्तें बैठकर खाएंगी तो वो ये याद रखें कि उनकी बेतहाशा बढ़ती जमीन-जायदाद पर भी जनता की निगाह है, जब जांच होगी तो कानून उसकी नाजायज संपत्ति भी उनसे छीन लेगा।'

 

यह भी पढ़ें: 'आप इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं', SC में CJI सूर्यकांत पर क्यों भड़का वकील?

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी

दरअसल, उत्तर प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, इस सूची में कुल 13,58,68,905 मतदाता शामिल हैं। इनमें 7.38 करोड़ पुरुष, 6.20 करोड़ महिलाएं और 4,042 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। ड्राफ्ट सूची में 18 से 19 साल के 11.83 लाख से अधिक मतदाता भी शामिल हैं। मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगी। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।