महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के एक होने की चर्चा लगातार हो रही है। इस मुद्दे पर अब तक भारतीय जनता पार्टी की ओर से किसी बड़े नेता ने प्रतिक्रिया नहीं दी थी लेकिन अब खुद सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि अजित पवार और शरद पवार के नेतृत्व वाली दोनों पार्टियां अलग-अलग हैं और अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं। ऐसे में दोनों गुटों के विलय पर फैसला भी उन्हें आपस में मिलकर ही लेना होगा। फडणवीस ने साफ किया कि इस मामले में उनकी ओर से कोई फैसला नहीं लिया जा सकता।
नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि दोनों गुटों के विलय की योजना पर टिप्पणी करना उनके लिए सही नहीं होगा। दोनों पार्टियों के अपने नेता और संगठन हैं। इसलिए उन्हें ही तय करना है कि वे साथ आना चाहते हैं या नहीं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी को अब तक दोनों गुटों के बीच चल रही किसी बातचीत की जानकारी नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें: छठ के लिए जाना है घर? दिल्ली से आज-कल चलने वाली 58 ट्रेनों का रूट जानिए
शरद गुट के NDA में शामिल होने पर क्या बोले?
देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले में NDA के भीतर बीजेपी की भूमिका को लेकर भी बात रखी। उन्होंने कहा कि अगर अजित पवार की NCP विलय को लेकर कोई फैसला करती है, तो उसे बीजेपी से सलाह-मशविरा करना होगा। पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा, अगर शरद पवार और सुनेत्रा पवार विलय करने का फैलसा करते हैं, तो वे खुद आकर हमें बताएंगे, क्योंकि हमारी सहमति के बिना विलय नहीं हो सकता। अभी तक उनमें से किसी ने भी हमें कुछ नहीं बताया है।
इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि NDA में बीजेपी सबसे बड़ी सहयोगी पार्टी है। ऐसे में गठबंधन से जुड़े किसी बड़े राजनीतिक फैसले पर बीजेपी से बातचीत करना जरूरी होगा।
अजीत पवार पर क्या बोले?
जब फडणवीस ने सुनेत्रा पवार के नेतृत्व की तुलना उनके दिवंगत पति अजीत पवार से करने के लिए कहा गया, तो उन्होंने कहा कि ऐसी तुलना करना अनुचित होगा। उन्होंने बताया कि अजीत पवार के पास दशकों का राजनीतिक अनुभव था और उन्हें महाराष्ट्र की गहरी समझ थी।
यह भी पढ़ें: 'औरतों को चोरी-छिपे देखते', बिल क्लिंटन से मुलाकात पर सोनिया गांधी ने क्या लिखा?
NCP वियल को लेकर चर्चा
गौरतलब है कि महाराष्ट्र की राजनीति में NCP के दोनों गुटों के फिर से एक होने की चर्चा लंबे समय से चल रही है। अजीत पवार की मौत के बाद दोनों गुटों के बीच बातचीत टूट गई थी। इसके कुछ महीनों बाद अब फिर से दोनों गुटों के विलय को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। NCP के विलय से एनडीए को फायदा होने की उम्मीद है लेकिन अभी दोनों गुटों में विलय को लेकर सहमति नहीं बन पाई है।
