उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव 2027 में होने वाला है, जिसे लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां जनता को अपनी तरफ करने में लगी हैं। अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने वादों के बारे में बताया। अखिलेश यादव ने दावा किया है कि 2027 के चुनाव के बाद अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो राज्य में 300 यूनिट बिजली फ्री होगी। इसके साथ ही महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन दी जाएगी। इसके अलावा अखिलेश यादव ने राज्य सरकार की बिजली व्यवस्था पर भी तंज कसा है।

 

अखिलेश यादव ने यह घोषणा 20 अप्रैल को पार्टी की बैठक के दौरान की थी, जो समाजवादी पार्टी के मुख्यालय, बुंदेलखंड में हुई थी। इस बैठक में पार्टी के कई कार्यकर्ता शामिल हुए थे। अखिलेश यादव ने न सिर्फ योजनाएं बताईं बल्कि बीजेपी (BJP) सरकार पर आरोप भी लगाए। उनके मुताबिक राज्य की हालत खस्ता है, इन बयानों के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।

 

यह भी पढ़ें: वडोदरा निकाय चुनाव में बीजेपी ने अंकिता परमार को दिया टिकट, मचा हंगामा

 

स्मार्ट मीटर के बहाने सरकार पर निशाना

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश की बिजली व्यवस्था बेहद खराब है। उनके मुताबिक राज्य सरकार बिजली के स्मार्ट मीटर के नाम पर लोगों को परेशान कर रही है क्योंकि इस मीटर की वजह से इस्तेमाल से ज्यादा बिल आ रहा है। इससे बिजली कंपनियां मुनाफा कमा रही हैं जबकि राज्य के लोगों को ज्यादा रुपये बिजली के लिए भरने पड़ रहे हैं।

 

समाजवादी पार्टी की बैठक में अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को साफ शब्दों में बताया कि राज्य में अस्पतालों की हालत खराब है, जिस वजह से लोगों को इलाज कराने में कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि अब हम जल्द ही राज्य की बदहाल व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे।

 

यह भी पढ़ें: ‘उसका नाम पति-पत्नी पार्टी...,’ सिद्धू की बीवी की पार्टी पर क्या बोली AAP?

 

अखिलेश ने बीजेपी को बताया संविधान विरोधी

अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की बैठक में बीजेपी को संविधान विरोधी बताया। उनका मानना है कि संविधान विरोधी होने के कारण राज्य के हित से जुड़े मुद्दे जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य और बेरोजगारी को कम करने के लिए कुछ नहीं किया गया।