हरियाणा के स्थानीय निकाय चुनाव में बीजेपी ने प्रचंड जीत हासिल की। अंबाला, सोनीपत और पंचकूला नगर निगम के मेयर पद पर बीजेपी उम्मीदवार ने अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशियों को करारी शिकस्त दी है। पंचकूला से सोनीपत तक बीजेपी कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। पंचकूला में पार्टी कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।  

 

अक्षिता सैनी अंबाला की नई मेयर बनी हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी कुलविंदर कौर को 21358 मतों के अंतर से हराया है। यहां निर्दलीय प्रत्याशी सोनिया रानी तीसरे स्थान पर रहीं।

 

यह भी पढ़ें: मणिपुर में चर्च से जुड़े 3 लोगों की हत्या, घात लगाकर उग्रवादियों ने किया हमला


पंचकूला में बीजेपी ने श्यामलाल बंसल को मेयर पद का उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सुधा भारद्वाज को 36252 मतों के अंतर से हराया है। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी राजेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे। सोनीपत में बीजेपी प्रत्याशी राजीव जैन ने कांग्रेस के कमल दीवान को 23247 वोटों से हराया है। बता दें कि अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगम पर पहले से ही बीजेपी का कब्जा था। 

हुड्डा के गढ़ में खिला कमल

रोहतक की सांपला नगर समिति पर भी बीजेपी ने कब्जा जमाया है। यहां बीजेपी के प्रवीण ने निर्दलीय प्रत्याशी अंकित को महज 687 वोटों से हराया है। सांपला पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का गढ़ है। हाालंकि कांग्रेस ने यहां कोई अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था। हुड्डा के गढ़ पर मिली जीत पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा, 'लोगों को अब हुड्डा पर भरोसा नहीं रहा। वह झूठ बोलते हैं। हमारी सरकार पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है, और लोगों से किए गए वादों को पूरा कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: नंदीग्राम या भवानीपुर, किसे छोड़ेंगे शुभेंदु अधिकारी? अब दे दिया जवाब

उकलाना में बीजेपी को शिकस्त

उकलाना में बीजेपी की प्रत्याशी निकिता गोयल निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी से 2806 वोटों से हार गईं। धारुहेड़ा पर भी बीजेपी ने कब्जा जमाया। यहां अजय जांगड़ा ने जीत हासिल की। रेवाड़ी नगर परिषद में बीजेपी की विनीता पिप्पल ने जीत दर्ज की।

मोदी की नीतियों पर जनता ने मुहर लगाई: सीएम नायब सिंह सैनी

सीएम नायब सिंह सैनी ने स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह जीत पश्चिम बंगाल और असम में पार्टी की बड़ी जीत के ठीक बाद मिली है। लोगों ने एक बार फिर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों पर मुहर लगाई है और उन पर अपना भरोसा जताया है। सीएम सैनी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा झूठ का सहारा लेती है। लोग अब यह बात समझ गए हैं। इस पुरानी पार्टी का असली चेहरा बेनकाब हो गया है।