शरद पवार की पार्टी से विधायक रोहित पवार के खिलाफ एनसीपी की महिला विंग ने मोर्चा खोल दिया है। पुणे में कानून व्यवस्था और डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार के खिलाफ रोहित पवार के बयान पर महिला विंग ने आपत्ति जताई। सुप्रिया सुले और रोहित पवार के खिलाफ पुणे में प्रदर्शन किया। सुनेत्रा पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की महिला विंग ने आरोप लगाया कि सुनेत्रा पवार को महिला होने के कारण निशाना बनाया जा रहा है।
विवाद बढ़ने पर रोहित पवार और सुप्रिया सुले ने माफी मांग ली। रोहित पवार ने कहा कि अगर मैंने ठेस पहुंचाई है तो मैं व्यक्तिगत तौर पर माफी मांगता हूं। हालांकि मैंने कुछ भी गलत नही कहा। अजीत पवार का अधिकारियों पर काफी हद तक नियंत्रण था। उधर, सुप्रिया सुले ने भी रोहित पवार के बयान पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि रोहित की तरफ से मैं हाथ जोड़कर माफी मांगती हूं।
यह भी पढ़ें: विपक्ष की बैठक से सुप्रिया सुले की दूरी, परिसीमन बिल का समर्थन करेगी पार्टी
महिला होने के कारण निशाना बनाया जा रहा: वैशाली
प्रदर्शन में शामिल एनसीपी महिला विंग अध्यक्ष वैशाली नागावडे ने कहा, 'हम यहां राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा के पास सुनेत्रा पवार के समर्थन में जुटे हैं। हम महाराष्ट्र को यह दिखाना चाहते हैं कि इस राज्य की अपनी एक अलग विरासत और विचारधारा है। महाराष्ट्र में पहले भी कई घटनाएं हुई हैं, लेकिन तब किसी ने भी प्रभारी मंत्री से सवाल नहीं पूछा। चूंकि सुनेत्रा पवार एक महिला हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया गया। क्या वह आपके लिए एक 'सॉफ्ट टारगेट' हैं? हमारा यही सवाल है।'
'महाराष्ट्र की महिलाओं को एकजुट होना चाहिए'
वैशाली ने आगे कहा कि सुप्रिया सुले और मैंने पिछले 20 वर्षों तक एक साथ काम किया। जब उन्होंने राजनीति में कदम रखा था, तब मैं पुणे जिलाध्यक्ष थी। उस समय जब भी कोई उनके खिलाफ कुछ कहता था तो हम मजबूती से उनके साथ खड़े होते थे। मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि महाराष्ट्र की सभी महिलाओं को एकजुट होना चाहिए। खासकर अब जब महिलाओं के आरक्षण के मुद्दे पर चर्चा हो रही है और एक बिल पास होने वाला है तो ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: बिहार: खगड़िया में टैंकर से चोरी हुआ 11,900 लीटर पेट्रोल, पुलिस ने किया बरामद
रोहित पवार ने क्या बयान दिया?
कुछ दिन पहले पुणे में अदालत के बाहर एक हत्यारोपी पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। इसके बाद रोहित पवार ने शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का सवाल उठाया। सुप्रिया सुले पुणे की प्रभारी मंत्री हैं। रोहित पवार ने उनकी क्षमता पर ही सवाल दाग दिया।
उन्होंने कहा कि पुणे में आम जनता परेशान हैं। गुंडागर्दी बढ़ गई है। एक नागरिक, कार्यकर्ता और परिवार के सदस्य होने के नाते मैंने अजीत पवार को पुणे के प्रभारी मंत्री के रूप में देखा है। उनकी अगुवाई में कई अहम निर्णय लिए गए। अजीत पवार का अधिकारियों में नियंत्रण रहा है। उनकी जगह कोई नहीं ले सकता है। सुनेत्रा पवार नई हैं। वे पुणे के लोगों के उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सकतीं।
