भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी पर तीखा हमला बोला है। भगवान राम और भगवान शिव के संबंध में रेवंत रेड्डी की हालिया टिप्पणियों के बाद बीजेपी ने कहा है कि जो लोग भगवान राम के विरोध में भगवान शिव की पूजा करते हैं वे रावण जैसे हैं। बीजेपी ने आरोप लगाए हैं कि कांग्रेस पार्टी हिंदुओ के विभाजन की कोशिश कर रही है। तेलंगाना के सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रेवंत रेड्डी ने सोमवार को दावा किया था कि कांग्रेस सिर्फ दक्षिण में सफल है, उत्तर के राज्यों में नहीं क्योंकि बीजेपी ने भगवान राम को हथिया लिया है, जिन्हें उत्तर में पूजा जाता है जबकि दक्षिणी राज्यों में शिव की पूजा होती है।’


तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने रेवंत रेड्डी ने मीडिया संगठन के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा था, ‘शिव गरीबों के भगवान हैं, राम अमीरों के भगवान हैं और बीजेपी अमीरों की पार्टी है। हम द्रविड़ हैं। यहां (उत्तर भारत में) लोग आर्य हैं। हम भगवान शिव के भक्त हैं और ये भगवान राम के भक्त हैं। बीजेपी ने राम को हथिया लिया। यह भावना और आस्था से जुड़ा विषय है। मोदी जी ‘हर हर महादेव’ क्यों नहीं कहते? क्या बीजेपी के लोगों ने कभी मंच से ‘हर हर महादेव’ कहा है? वे केवल ‘जय श्री राम’ कहते हैं। जब हम ‘हर हर महादेव’ कहते हैं, तो उन्हें यह पसंद नहीं आता।’

 

यह भी पढ़ें: 'सड़कें खराब और 5 घंटे का सफर है', बंगाल में SIR ट्रिब्यूनल के जज का इस्तीफा

रेवंत रेड्डी पर भड़की BJP

सीएम रेवंत रेड्डी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि हिंदू समाज को पूरी ताकत के साथ बांटने की हर साजिश में पूरी तरह शामिल रही कांग्रेस अब हिंदू देवी-देवताओं को भी बांटने के स्तर तक गिर गई है। उन्होंने दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में कहा, ‘मेरा मानना है कि यह भारत की राजनीति में सबसे घृणित उदाहरणों में से एक है। ऐसा लगता है कि मुस्लिम लीग के साथ सत्ता में रहते हुए कांग्रेस पर पड़ा इस्लामी प्रभाव इतना गहरा हो गया है कि पार्टी हिंदू देवी-देवताओं को इस्लाम और ईसाई धर्म के चश्मे से देखने लगी है।’

 

यह भी पढ़ें: भोजपुर के सब-इंस्पेक्टर के ठिकानों पर EOU की रेड, अवैध संपत्ति की जांच जारी

 

सुधांशु त्रिवेदी ने रेवंत रेड्डी की टिप्पणियों की भी आलोचना की और कहा कि जो कोई भगवान राम का विरोध करते हुए भगवान शिव की पूजा करता है, वह रावण की तरह है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, ‘हां, यह पूरी तरह से सत्य है। यह रामचरितमानस में लिखा है। कांग्रेस के लोग मेरी कही बात से नाराज होंगे। अगर कोई व्यक्ति राम का विरोध करते हुए भगवान शंकर की भक्ति का दावा करता है, तो वह राक्षसों की प्रवृत्ति को ही दर्शाता है।' सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हिंदू समाज को उत्तर और दक्षिण के आधार पर बांटने की कोशिश कर रही है।

' राहुल गांधी और उनकी पार्टी नास्तिक है'

उन्होंने आगे कहा, ‘जुबली हिल्स उपचुनाव के दौरान रेड्डी ने कहा था कि मुसलमान कांग्रेस की ताकत हैं और कांग्रेस मुसलमानों की ताकत है।’ सुधांश त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में ईश्वर के नाम पर शपथ नहीं ली। उन्होंने कहा, ‘नास्तिक राहुल गांधी। गांधी की पार्टी ‘नास्तिक’ है। ऐसा लगता है कि पितृसत्ता केवल तभी मुद्दा बनती है, जब बात हिंदू समाज की होती है। जिस क्षण केरल के ग्रैंड मुफ्ती यह कहते हैं कि महिलाओं को सोने के हार की तरह तिजोरी में सुरक्षित रखा जाना चाहिए, उस समय जोर-जोर से बोलने और विरोध करने वाले कांग्रेस नेता पूरी तरह चुप हो जाते हैं।’

 

यह भी पढ़ें: 'अक्टूबर-नवंबर में करेंगे 5 बड़ी रैलियां', INDIA ब्लॉक की बैठक के बाद बोले खड़गे

 

उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने अपने देश के हित के लिए भारतीयों को बांटा लेकिन कांग्रेस ने सत्ता के लिए देश में ‘‘जीवन के हर क्षेत्र’’ को बांट दिया। सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस और तेलंगाना के मुख्यमंत्री से पूछा, 'अगर आप भगवान शिव के परम भक्त हैं तो श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में औरंगजेब के नाम वाली मस्जिद को लेकर आपके मन में क्या इच्छा है? क्या वह वहां रहनी चाहिए या नहीं? जब अदालत (काशी विश्वनाथ मंदिर विवाद पर) फैसला करेगी, मेरे मन की इच्छा है कि किसी भी विदेशी आक्रांता का भगवान शिव के किसी भी ज्योतिर्लिंग पर कोई निशान न रहे। मैं रेवंत रेड्डी और ‘नास्तिक’ गांधी की कांग्रेस पार्टी की प्रतिक्रिया का इंतजार करूंगा।’