हाल ही में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के सासंद राहुल गांधी ने मनुस्मृति में महिलाओं के बारे में लिखी बातों पर सवाल उठाए थे। अब इसी पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता योगी आदित्यनाथ ने जवाब दिया है। सोमवार को राहुल गांधी के ही संसदीय क्षेत्र रायबरेली में पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने नसीहत देते हुए कहा कि अगर उन्हें मनु के बारे में जानना है तो उन्हें अथर्ववेद, सप्तपदी ब्राह्णण और मत्स्य पुराण पढ़ना चाहिए। राहुल गांधी को जवाब देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि क्या कोई बेटी पिता के बगैर, क्या कोई बहन भाई के बगैर, क्या कोई पत्नी पति के बगैर और क्या कोई मां बेटे के बगैर अपने अस्तित्व को पूर्ण मानती है? योगी ने पूछा कि क्या मनु स्मृति ने यह बात कही है, आप बताइए सही बात क्या है?
राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में कहा था कि यह शर्मनाक बात है कि महिलाओं को बेटी, पत्नी या मां के रूप में ही रखा जाता है। उनका कहना था कि इसमें कोई बुराई नहीं है लेकिन सिर्फ यही महिलाओं की पहचान नहीं हो सकती है। राहुल का कहना था कि ये बातें मनुस्मृति में लिखी हुई हैं। अब उनके इसी बयान पर बहस शुरू हो गई है और इस बहस में मनुस्मृति के अलग-अलग हिस्सों का भी खूब जिक्र हो रहा है।
यह भी पढ़ें: 'तुम बहुत खूबसूरत हो', 'छात्रों की गूंज' में लड़की से क्या बोल गए राहुल गांधी?
राहुल गांधी पर बरसे CM योगी
मनुस्मृति को लेकर उनके पुणे में दिये गये कथित बयान का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि भारत को राहुल गांधी से व्यक्तिगत तौर पर कोई उम्मीद नहीं है लेकिन लोकसभा में आपके पास जो नेता प्रतिपक्ष का पद है उससे जरूर उम्मीद है। योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा 'आप क्यों भारत की विरासत को बर्बाद करना चाहते हैं, क्यों भारत के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना चाहते हैं? आपसे एक जिम्मेदार नेता प्रतिपक्ष के रूप में सकारात्मक भूमिका की अपेक्षा यह देश रखता था लेकिन आपने उन भूमिकाओं को बर्बाद कर दिया।आपने उन जिम्मेदारियों से अपने आपको पूरी तरह अलग कर दिया। अमेठी और रायबरेली इस परिवार को ढोता तो रहा लेकिन इस क्षेत्र के सामने इस परिवार ने हमेशा पहचान का संकट खड़ा किया।'
CM योगी आदित्यनाथ सोमवार को 1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर नायक, 'अवध केसरी' राना बेनी माधव बख्श सिंह की 222 वीं जयंती पर रायबरेली में आयोजित 'भाव समर्पण समारोह' को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 21 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से नवनिर्मित 'राना बेनी माधव बख्श सिंह स्मृति सभागार' का लोकार्पण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों का सम्मान तथा 'अवध केसरी स्मारिका' एवं विशेष आवरण (स्पेशल कवर) का विमोचन भी किया।
यह भी पढ़ें: सावन का महीना, अयोध्या में माछ-भात दावत, कांग्रेस को फंसा बैठे अजय राय?
मनुस्मृति पर CM योगी ने दिया जवाब
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल मनु पर या राम पर या भारत की विरासत पर टिप्पणी करते हैं। उन्होंने कहा, 'मनु को जानना है तो अथर्ववेद, सप्तपदी ब्राह्मण और मत्स्य पुराण पढ़िए, आपको सारी जानकारी मिल जाएगी। कौन ऐसा व्यक्ति है जिसके जीवन में मां के रूप में या बहन के रूप में या पत्नी के रूप में या फिर बेटे के रूप में किसी महिला का संरक्षण उसे न प्राप्त होता हो? क्या कोई बेटी पिता के बगैर, क्या कोई बहन भाई के बगैर, क्या कोई पत्नी पति के बगैर और क्या कोई मां बेटे के बगैर अपने अस्तित्व को पूर्ण मानती है? क्या मनु स्मृति ने यह बात कही है? आप बताइए सही बात क्या है?'
यह भी पढ़ें: UP में 200 सीटों का एलान, फिर भी 20 पर ही क्यों है ओवैसी का फोकस?
उन्होंने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा, 'आप भारत के बच्चों को उस दिशा में क्यों ले जाना चाहते हैं, जहां किसी माता या किसी अन्य को बाद में लज्जित होकर माफी मांगनी पड़े?' दिल्ली में जंतर-मंतर में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद एक लड़की के माफी मांगने की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उसके माता पिता ने भी माना कि उनकी बेटी ने गलत किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को विस्मृत करता है, उसका कोई भविष्य नहीं होता है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से भारत की परंपरा और मूल्यों को विस्मृत करके उसको भ्रम में डालकर कुछ लोगों ने भारत के खिलाफ षड्यंत्र करने का एक ठेका सा ले लिया है, जिसे देखकर वह स्तब्ध हैं।
