उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले दलित वोट बैंक सबसे बड़ा चुनावी रणक्षेत्र बनता दिखाई दे रहा है। लंबे समय तक दलित राजनीति की सबसे बड़ी ताकत रही बहुजन समाज पार्टी (BSP) अब अपने पारंपरिक वोट बैंक को बचाने की चुनौती से जूझ रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सामान्य सीट फैजाबाद (अयोध्या) से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ दलित नेता अवधेश प्रसाद की जीत ने प्रदेश की राजनीति को नया संदेश दिया। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), समाजवादी पार्टी (एसपी) और कांग्रेस भी सामान्य सीटों पर दलित चेहरों को उतारकर नए सामाजिक समीकरण बनाने की रणनीति पर तेजी से काम कर रही हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर यह प्रयोग 2027 के विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर लागू होता है तो बसपा के कोर वोट बैंक पर सीधा असर पड़ सकता है। यही वजह है कि मायावती संगठन में बड़े बदलाव, नए प्रभारियों की नियुक्ति और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने की कवायद में जुटी हैं।
अवधेश प्रसाद की जीत बनी नया सियासी मॉडल
2024 के लोकसभा चुनाव में सामान्य सीट फैजाबाद (अयोध्या) से समाजवादी पार्टी ने दलित नेता अवधेश प्रसाद को मैदान में उतारा और जीत दर्ज की। इस परिणाम ने यह संदेश दिया कि मजबूत सामाजिक समीकरण तैयार होने पर सामान्य सीटों पर भी दलित उम्मीदवार जीत सकते हैं। इसके बाद से लगभग सभी प्रमुख दल इस राजनीतिक प्रयोग को विधानसभा चुनाव में भी आजमाने की तैयारी कर रहे हैं।
बसपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती
बसपा की राजनीति की सबसे बड़ी ताकत उसका दलित वोट बैंक रहा है, खासकर जाटव समाज। लेकिन पिछले कुछ चुनावों में पार्टी का जनाधार लगातार कमजोर हुआ है। यदि बीजेपी, सपा और कांग्रेस सामान्य सीटों पर भी मजबूत दलित उम्मीदवार उतारने में सफल होती हैं तो बसपा के पारंपरिक वोट बैंक में और सेंध लग सकती है। इसी कारण पार्टी संगठन को दोबारा खड़ा करने और पुराने सामाजिक आधार को मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ के जवाहर भवन में लगी भीषण आग, यहीं रखी हैं कई अहम फाइलें
सब क्यों बदल रहे हैं रणनीति?
समाजवादी पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) फार्मूले के जरिए दलित नेतृत्व को आगे बढ़ा रही है। बीजेपी गैर-जाटव दलित समुदायों में अपनी पकड़ मजबूत करने के साथ-साथ सामान्य सीटों पर भी दलित चेहरों को मौका देने की रणनीति बना रही है। वहीं कांग्रेस भी दलित नेतृत्व को अधिक प्रतिनिधित्व देकर अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश में जुटी है।
राजनीतिक दल उन सामान्य सीटों पर सबसे अधिक नजर बनाए हुए हैं, जहां दलित मतदाता चुनावी नतीजे प्रभावित करने की स्थिति में हैं। इनमें अयोध्या (फैजाबाद), बाराबंकी, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, फतेहपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, प्रयागराज की सामान्य सीटें, आगरा, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, जालौन, झांसी, हमीरपुर, कौशांबी, बांदा, चित्रकूट तथा मिर्जापुर और सोनभद्र की कई सामान्य सीटें प्रमुख मानी जा रही हैं। इन क्षेत्रों में दलित मतदाताओं की अच्छी संख्या होने के कारण सभी प्रमुख दल इन्हें अपनी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बना रहे हैं।
दलित वोट क्यों है सबसे बड़ा चुनावी फैक्टर?
उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति (एससी) की आबादी करीब 21 प्रतिशत है। इसमें जाटव, पासी, वाल्मीकि, कोरी, धोबी, खटीक समेत कई बड़े समुदाय शामिल हैं। यही कारण है कि कोई भी राजनीतिक दल अब दलित वोट बैंक को केवल आरक्षित सीटों तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि सामान्य सीटों पर भी इसे जीत की कुंजी मान रहा है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 का विधानसभा चुनाव बसपा के लिए केवल सत्ता की लड़ाई नहीं, बल्कि अपने राजनीतिक अस्तित्व और कोर वोट बैंक को बचाने की सबसे बड़ी परीक्षा होगा। यदि सामान्य सीटों पर दलित उम्मीदवारों का प्रयोग सफल रहा तो बसपा की पारंपरिक राजनीति पर बड़ा असर पड़ सकता है। वहीं यदि मायावती संगठन को फिर से मजबूत कर दलित मतदाताओं को एकजुट करने में सफल रहती हैं तो चुनावी मुकाबले की तस्वीर बदल सकती है।
यह भी पढ़ें: 11 साल की उम्र में बनी मां? बेटे को मृतक आश्रित बताने के चक्कर में फंसी महिला
2027 की सबसे बड़ी सियासी लड़ाई
उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव केवल बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सत्ता की लड़ाई नहीं होगा, बल्कि दलित वोट बैंक पर कब्जे की सबसे बड़ी राजनीतिक जंग भी होगा। सामान्य सीटों पर दलित उम्मीदवारों का बढ़ता दांव आने वाले चुनाव में नए सामाजिक समीकरण तैयार कर सकता है और यही रणनीति प्रदेश की राजनीति की दिशा और दशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
