पंजाब में कई सालों तक सत्ता में रही पार्टी शिरोमणि अकाली दल ने 2027 चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने प्लान बनाया है कि इस साल बैसाखी से पहले पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में 40 रैलियां की जाएंगी। इन रैलियों के जरिए पंजाब में अपनी खोई राजनीतिक जमीन वापस पाने की कोशिश की जा रही है। ऐक रैली में सुखबीर बादल ने पंजाब के लोगों से कई वादे किए। उन्होंने इस दौरान कई वादे ऐसे भी किए जिनके लिए वह पहले केजरीवाल और आम आदमी पार्टी  की आलोचना करते थे। 

 

पंजाब में आम आदमी पार्टी की आलोचना इसलिए की जाती थी क्योंकि पार्टी ने कई चीजें फ्री में या फिर कम दाम में देने का वादा किया था। अब आम आदमी पार्टी और केजरीवाल की तरह ही शिअद प्रमुख सुखबीर बादल भी इसी तरह की घोषणाएं कर रहे हैं। इसमें उन्होंने कम रेट में दाल, आटा, किसानों को फ्री ट्यूबवेल, कम रेट में ट्रैक्टर जैसे कई वादे किए। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब में प्राइवेट सेक्टर में 75 प्रतिशत रोजगार पंजाब के लोगों को देने की शर्त लगाने की बात भी की। 

 

यह भी पढ़ें: असम में एक दूसरे के खिलाफ कैसे नेरेटिव बना रहे हैं कांग्रेस और बीजेपी?

क्या वादे किए?

  • बेटियों की शादी पर 1 लाख रुपये शगुन दिया जाएगा।
  • बुजुर्गों और विधवाओं को 3100 रुपये महीना पेंशन मिलेगी।
  • आटा 4 रुपये किलो और  दाल 20 रुपये किलो के रेट पर मिलेगी।
  • सरकार बनते ही एक हफ्ते के अंदर सभी को ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाएंगे।
  • पक्के बांध बनाए जाएंगे ताकि बाढ़ की समस्या खत्म हो सके।
  • कच्ची जमीन को पक्की जमीन बनाया जाएगा, यानी जमीन जोतने वालों को मालिकाना हक मिलेगा।
  • संयुक्त जमीन के मामलों में मुफ्त बंटवारा किया जाएगा।
  • युवाओं को 10 लाख रुपये तक का बिना ब्याज लोन दिया जाएगा ताकि वे अपना काम शुरू कर सकें।
  • जरूरतमंद और मेधावी छात्रों को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।
  • विश्व स्तरीय स्किल यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी।
  • हर जिले में मेडिकल कॉलेज, वेटरनरी कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज खोले जाएंगे।
  • सभी नई इंडस्ट्रीज के लिए 75 प्रतिशत पंजाबी युवाओं को नौकरी देना अनिवार्य होगा।
  • पठानकोट को पंजाब का पहला हिल्स टूरिज्म हब बनाया जाएगा।
  • सिर्फ पंजाबियों को जमीन खरीदने और सरकारी नौकरी का अधिकार होगा।
  • गैंगस्टरों और नशा माफिया को सख्त कानूनों से खत्म किया जाएगा, उनकी संपत्ति भी नीलाम की जाएगी।
  • वर्ल्ड कबड्डी कप दोबारा शुरू किया जाएगा और कुश्ती वर्ल्ड कप भी शुरू होगा।
  • पशु मेले, मारवाड़ी घोड़ों की रेस, डॉग रेस और कबूतरों की बाजी को बढ़ावा दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: पासी के बाद पाल पर है अखिलेश यादव का फोकस, 2027 में यही दिलाएंगे सत्ता?

 

2027 की तैयारी शुरू

 शिरोमणि अकाली दल ने अभी से 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी बिगुल फूंक दिया है। इस कड़ी में पार्टी 17 फरवरी को पहली रैली की, जिसमें सुखबीर बादल ने जनता से कई वादे किए। पार्टी ने बैसाखी से पहले 40 रैलियां प्लान की हैं। इन रैलियों में पंजाब के मुद्दे उठाए जाएंगे और 2027 चुनाव के लिए पार्टी अपना एजेंडा जनता के सामने रखेगी। पार्टी ने इस अभियान को 'पंजाब बचाओ, सरदार सुखबीर सिंह बादल लाओ अभियान' नाम दिया है। इस अभियान के तहत पार्टी पूरे पंजाब में रैलियों का आयोजन करेगी।