भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) उत्तर प्रदेश ने मंगलवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जनाक्रोश पदयात्रा निकाली थी। इसी पदयात्रा से पहले बीजेपी नेताओं ने भाषण भी दिए। लखनऊ की मेयर सुषमा खरकवाल ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को आड़े हाथ लेते हुए कुछ ऐसा कह दिया था जिसको लेकर अब हंगामा हो गया। लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता नाराजगी जता रहे हैं और खुद अखिलेश यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट करके कहा है कि आपको अकेले में बैठकर पछतावा होगा, यही काफी है। इससे पहले सुषमा खरकवाल ने कहा था कि इन नेताओं को जिस मां ने पैदा किया, इन्होंने उसे ही अपमानित किया है।

 

सुषमा खरकवाल के इस बयान के चलते बुधवार की सुबह सपा के कुछ कार्यकर्ता उनके घर के बाहर पहुंच गए। इन कार्यकर्ताओं ने सुषमा खरकवाल के घर पर लगी नेमप्लेट पर चप्पल मारी और उस पर कोयले से निशान बनाने की कोशिस की। दो-तीन कार्यकर्ताओं ने सुषमा के घर के बाहर नारेबाजी भी की।

सुषमा खरकवाल ने क्या कहा था?

मंगलवार को जनाक्रोश पदयात्रा को संबोधित करते हुए कहा था, 'भारत एक लोकतंत्र की जननी है। हजारों साल से देश में नारियों का सम्मान हुआ है लेकिन आज जिस तरह विपक्ष ने महिलाओं का अपमान किया, यह घोर निंदा की बात है। हमारे देश में नदियों को भी मां कहा जाता है। मैं राहुल गांधी जी को और अखिलेश यादव जी को कहना चाहता हूं कि जिस मां ने आपको पैदा किया था और जो मां आपकी पहली टीचर है, उस मां का आपने अपमान किया है। जब आप पैदा हुए, जिस बहन ने उंगली पकड़कर आपको चलना सिखाया, आपने उसका अपमान किया है।'

 

यह भी पढ़ें: न अशोक चौधरी, न लेसी सिंह, श्रवण कुमार ही क्यों बने विधायक दल के नेता? वजह जानिए

क्या सफाई दे रहीं सुषमा खरकवाल?

 

अपने बयान के बारे में सुषमा खरकवाल ने कहा है, 'मेरा भाषण आपने सुना होगा। मैंने कहा था कि यह धरती हमारी मां है। हम उस देश के लोग जो धरती को, नदियों को और गंगा को मां कहते हैं। मैंने यह कहा था कि माननीय अखिलेश जी, माननीय राहुल जी आपने आधी आबादी, आपका रिश्ता मां, बहन, बेटी का है। मैंने कहा था कि आधी आबादी में जिस मां ने आपको जन्म किया, आपने उस मां का विरोध किया। उस नारी का विरोध किया। जिस बहन ने आपकी उंगली पकड़कर चलना सिखाया, आपने उसका विरोध किया। जिस बेटी को देखकर आपकी टेंशन, आपकी थकान दूर हो जाती है, आपने उसका भी अपमान किया। आपने हर रिश्ते का अपमान किया। यह देश हमारी मां है। राहुल गांधी जी विदेश में जाकर अपने देश यानी अपनी मां का अपमान करते हैं तो यह हमें सहन नहीं होगा।'

भड़क गए अखिलेश यादव

सुषमा खरकवाल का यही बयान शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने अपने X अकाउंट पर लिखा है, 'आदरणीय सुषमा खरकवाल जी, आप कृपया अपनी राजनीतिक मजबूरीवश मेरी दिवंगत मां का नाम लेकर एक महिला के रूप में एक अन्य महिला का अपमान न करें। नारी के सम्मान में आपसे बस इतना आग्रह है। अगर आपके घर में कोई बड़े-बुजुर्ग हों या बच्चे तो उनसे पूछ लीजिए कि आपका ये अति निंदनीय द्वेषपूर्ण बयान उचित है या नहीं। बाकी आप स्वयं एक महिला हैं। महिला ही जब महिला का अपमान करेगी तो कौन आपको नैतिक रूप से सही कहेगा।'

 

यह भी पढ़ें: '90% औरतों को रूम में...', पहले बयान दिया, अब सफाई, कहां फंस गए पप्पू यादव?

 

उन्होंने आगे कहा, 'भारतीय समाज में कभी भी, किसी की भी मां का अपमान स्वीकार्य नहीं है। आपका राजनीतिक भविष्य उज्ज्वल होता अगर आप उसे नैतिक मानकों पर इतना नीचे न ले जातीं, आज आपके समर्थक भी शर्मिंदा हैं। जिनको प्रभावित करने के लिए आप अपना स्तर गिरा रही हैं, वे किसी के भी सगे नहीं हैं। आप अपना स्तर बनाए रखें और संतुलन भी। मैं आपसे किसी क्षमा की भी अपेक्षा नहीं रखता हूँ और न ही ऐसा कहने के बाद क्षमा के कोई मायने रह जाते हैं। आपका अकेले में बैठकर जो पछतावा होगा, हमारे लिए इतना ही बहुत है।'