विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने दावा किया है कि इस साल जनवरी से 31 अगस्त के बीच देश में 254 हिंदुओं की हत्या जिहादियों ने की। राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ (RSS) से जुड़े इस संगठन ने धार्मिक कारणों से हुए कथित हमलों के मामलों में फास्ट-ट्रैक सुनवाई की मांग की। संवेदनशील इलाकों में मस्जिदों और मदरसों पर हाई-रेजोल्यूशन कैमरे लगाने और मदरसों पर सख्त नियम बनाने की मांग भी रखी गई।
नई दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में VHP के संयुक्त महासचिव सुरेंद्र जैन ने 254 मामलों की 26 पन्नों की सूची जारी की। संगठन के मुताबिक यह सूची मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर तैयार की गई है। इसमें हर घटना की तारीख, जगह, पीड़ित और आरोपी के नाम और अलग-अलग मीडिया संस्थानों की रिपोर्ट के लिंक दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: 'CM और सरकारों से कहेंगे कि हमें सौंप दो', एक और मंदिर आंदोलन करेगा VHP?
VHP के दावे से अलग हैं स्थितियां
VHP ने सूची में शामिल सभी लोगों को जिहादियों के हाथों मारे गए हिंदू बताया है। हालांकि दस्तावेज में अलग-अलग परिस्थितियों के मामले हैं। कुछ लिंक की गई रिपोर्ट्स निजी या आर्थिक विवाद के बाद हुई हत्याओं की हैं। कुछ में सांप्रदायिक या धार्मिक कारणों से हिंसा के आरोप हैं। यह वर्गीकरण VHP का अपना है।
'राम भक्तों की सरकार में हिंदुओ की हत्या'
सुरेंद्र जैन ने कहा कि सूची में सिर्फ वही मामले हैं जो मीडिया में आए। उन्होंने दावा किया कि कई और घटनाओं की खबर नहीं बनी। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में कई राज्यों की राम-भक्त सरकारों के प्रयासों के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में हिंदुओं की हत्या सभी देशभक्तों के लिए चिंता की बात होनी चाहिए।
क्या चाहता है विश्व हिंदू परिषद?
VHP ने मांग की कि धार्मिक नफरत से प्रेरित पाए गए हमलों के मामले फास्ट-ट्रैक कोर्ट में भेजे जाएं। संगठन ने कहा कि दोषियों को जल्द और कड़ी सजा मिलनी चाहिए। संगठन ने यह मांग भी की कि धार्मिक नफरत से प्रेरित हत्या और गंभीर अपराधों के नाबालिग आरोपियों पर बालिगों की तरह मुकदमा चले। उसका आरोप है कि कम सजा की उम्मीद में नाबालिगों का इस्तेमाल हिंसा के लिए किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: 'उनके साथ कोई दिक्कत...', विनय कटियार के खिलाफ उतरा विश्व हिंदु परिषद
मदरसों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा VHP
VHP ने मदरसों को धार्मिक कट्टरता और नफरत फैलाने के केंद्र बताते हुए उन पर सख्त नियम बनाने की मांग की। उसने संवेदनशील इलाकों, मस्जिदों और मदरसों में हाई-रेजोल्यूशन कैमरे लगाने की बात भी कही। इन कैमरों की निगरानी स्थानीय थानों से जोड़ने की मांग की गई।
हिंदू जिहादियों के निशाने पर?
सुरेंद्र जैन ने कहा कि देश में हिंदू जिहादियों के मुख्य निशाने पर हैं। उन्होंने संवेदनशील इलाकों और आसपास रहने वाले हिंदुओं से सतर्क रहने और आत्मरक्षा के लिए तैयार रहने को कहा। उनके मुताबिक VHP और बजरंग दल हिंदुओं की सुरक्षा के लिए संवैधानिक उपायों पर विचार कर रहे हैं। उन्होंने इस बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी।
इस्लामी आतकंवाद के खिलाफ क्या मांग कर रहा VHP?
सुरेंद्र जैन ने फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की भी तारीफ की। उन्होंने कथित आतंकी साजिश को नाकाम करने के लिए पायलट की बहादुरी की सराहना की। VHP का दावा है कि इससे 9/11 जैसा हमला टल गया। संगठन ने इस्लामी आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साझा रणनीति की मांग भी की।
विश्व हिंदू परिषद ने कहा है कि धर्मनिरपेक्ष राजनीति के नाम पर की गई तुष्टीकरण की नीति ने भारत में इस्लामी कट्टरता की समस्या को बढ़ाया है। उन्होंने हिंदू धार्मिक आयोजनों पर हमलों, कथित लव जिहाद के मामलों और हिंदू बस्तियों पर हमलों का हवाला दिया। उन्होंने लोगों से दलगत हितों से ऊपर उठकर इस कथित बढ़ते खतरे का सामना करने की अपील की।
