समाजवादी पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। इसमें दो नाम शामिल हैं। पहला नाम पार्टी के वरिष्ठतम नेता प्रोफेसर रामगोपाल यादव हैं। सपा ने दूसरा नाम चौंकाते हुए धनराज परिमल नथवानी का घोषित किया है। बुधवार को सुबह 11 बजे रामगोपाल यादव और धनराज नथवानी नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस दौरान पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव मौजूद रहेंगे।
धनराज नथवानी को राज्यसभा भेजने के फैसले को अखिलेश यादव के सरप्राइज के तौर पर देखा जा रहा है क्योंकि उनका नाम दूर-दूर तक चर्चा में नहीं था।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
समाजवादी पार्टी ने इसकी जानकारी खुद अपने सोशल मीडिया पर दी है। उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो चुकी है। माना जा रहा है कि बीजेपी 7 सीट आसानी ने जीत लेगी और सपा 2 सीट पर जीत दर्ज करेगी। मगर, तीसरी सीट के लिए सपा और बीजेपी में टक्टर मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें: UP और बिहार के MLC चुनाव के लिए BJP ने घोषित किए उम्मीदवारों के नाम
विधायकों के साथ बैठक में किया था इशारा
दरअसल, सपा ने अखिलेश यादव की अध्यक्षता में सोमवार को लखनऊ में पार्टी कार्यालय में अपने विधायकों के साथ में हाई लेवल बैठक की थी। इसी बैठक में पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा था कि कुछ सरप्राइज के लिए तैयार रहिए। ऐसे में सपा ने धनराज के नाम के साथ में अपना सरप्राइज बॉक्स खोल दिया है।
कौन हैं धनराज नथवानी?
धनराज नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी परिवार के बेहद करीबी हैं। उनके पिता परिमल नथवानी रिलायंस के कॉर्पोरेट अफेयर्स के डायरेक्टर हैं। साथ ही वह झारखंड से बीजेपी के समर्थन से राज्य सभा सांसद हैं।
यह भी पढ़ें: 'BJP में गए तो यूनिवर्सिटी निशाने पर आ गई', LPU विवाद पर पूर्व CM चन्नी का आरोप
धनराज नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े हैं। साथ ही वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और द्वारका देवस्थान समिति के उपाध्यक्ष हैं। ऐसे में धनराज का नाम घोषित करके समाजवादी पार्टी ने दूसरी पार्टियों को चौंका दिया है। धनराज नथवानी के सपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद यूपी के राज्यसभा चुनावों का पूरा गणित बदल गया है।
