इंडियन पुलिस सर्विस (IPS) छोड़कर राजनीति में उतरे के अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) में अपनी अहम जगह बनाई थी। बीजेपी में रहते हुए उन्होंने पेरियार की जमकर आलोचना की थी। कई बार उनकी ऐसी टिप्पणियां बीजेपी के लिए भी फजीहत की वजह बनीं। अब वही अन्नामलाई बीजेपी छोड़ चुके हैं और पेरियार के जन्म दिवस पर एक पोस्ट करके ट्रोल हो रहे हैं। कभी पेरियार की आलोचना करने की वजह से अन्नामलाई के समर्थक बने लोगों का कहना है कि उन्हें ऐसे यूटर्न की उम्मीद तो नहीं थी। सोशल मीडिया पर अन्नामलाई के पुराने भाषण पोस्ट किए जा रहे हैं और अब वह X पर ट्रेंड हो रहे हैं।
बीजेपी छोड़ने के बाद से ही यह देखा जा रहा है कि अन्नामलाई का झुकाव द्रविड़ राजनीति की ओर होता जा रहा है। पार्टी छोड़ते वक्त भी उन्होंने कुछ इसी ओर संकेत दिए थे। अभी तक अन्नामलाई किसी पार्टी में तो नहीं शामिल हुए हैं लेकिन चर्चा है कि 2031 में तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव से पहले वह अपनी पार्टी बना सकते हैं। इस बीच वह अपने लगातार बदलते रुख को लेकर लगातार आलोचना का शिकार हो रहे हैं।
पेरियार पर अब क्या बोले अन्नामलाई?
गुरुवार को ई वी पेरियार के जन्म दिवस के मौके पर अन्नामलाई ने X पर लिखा, 'आज ऐसे पेरियार का जन्म दिन है जिन्होंने समाज सुधार आंदोलनों में अहम भूमिका निभाई और तमिलनाडु के राजनीतिक और सामाजिक इतिहास पर अभूतपूर्व असर छोड़ा। हम उन पेरियार को याद कर रहे हैं जिन्होंने अपने जीवन का ज्यादातर हिस्सा समाज में फैली असमानता और अंधविश्वास के खिलाफ लड़ने में खर्च कर दिया।'
यह भी पढ़ें: ममता बनर्जी को बड़ा झटका, उपचुनाव से पहले फ्रीज हुआ TMC का नाम और निशान
उनके इसी X पोस्ट पर अन्नामलाई के समर्थक ही कई वीडियो और कमेंट पोस्ट कर रहे हैं। कई लोगों ने अन्नामलाई का मजाक उड़ाते हुए यह भी लिखा है कि अगर आपको तमिलनाडु में राजनीति करनी है तो इसी तरह पेरियार के पैरों में पड़ना होगा। कुछ लोगों ने खुद को भी कोसा है कि आखिर वे कैसे अन्नामलाई का समर्थन कर रहे थे।
मदन नाम के एक शख्स ने लिखा है, 'आप जब से राजनीति में आए तब से आपका समर्थक रहा हूं लेकिन आज पहली बार मैं आपसे निराश हूं।'
विजय तिरुमलाई नाम के कारोबारी लिखते हैं, 'दो-तीन साल पहले मैं अन्नामलाई से बेंगलुरु में मिला था। 90 मिनट की मीटिंग शानदार थी। उनका विजन शानदार था, दिल सही जगह था और वह ऐसे नहीं थी। उस बातचीत के बाद यह गिरावट देखना बहुत दुखद है। अब अन्नामलाई की जीरो निश (Niche) है।'
पहले क्या बोलते थे अन्नामलाई?
अन्नामलाई के कई वीडियो सामने आ रहे हैं जिनमें वह सीधे-सीधे पेरियार की आलोचना कर रहे हैं। उनका एक वीडियो है जिसमें वह पेरियार के बारे में कहते हैं कि उनके विचार ऐसे थे कि डीएमके ने दस्तावेज ही नष्ट कर दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चे और महिलाएं देख रही हैं इसलिए पेरियार के बारे में बात करना सही नहीं है।
यह भी पढ़ें: न समय से बैठकें, न व्यापक नीति, CBFC में किन बदलावों की जरूरत है?
इतना ही नहीं, बीजेपी में रहते हुए अन्नामलाई कई ऐसी चीजें करते रहे हैं जिन्हें पेरियार अंधविश्वास कहते थे और उनका विरोध करते थे। उदाहरण के लिए, अन्ना यूनिवर्सिटी में यौन उत्पीड़न की घटना के बाद अन्नामलाई ने सार्वजनिक तौर पर खुद पर कोड़े बरसाए ते और कसम खाई थी कि जब तक डीएमके सरकार को सत्ता से बाहर नहीं कर देते तब तक नंगे पांव रहेंगे। उनका कहना था कि उनके लिए खुद की समालोचना है और इस तरह वह भगवान मुरुगन को भेंट चढ़ा रहे हैं।
बता दें कि तमिल हिंदू संस्कृति में कोड़े बरसाने के इस रिवाज को 'सत्तई आदि' कहा जाता है। इसी तरह लोग कोयल पर चलते हैं या अपने गाल में सुइयां चुभो लेते हैं। बता दें कि पेरियार ऐसी चीजों के खिलाफ ही लड़ते रहे थे और इन रिवाजों के सख्त आलोचक थे।
