उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान दिवस के मौके पर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग लाल पुस्तिका लेकर संविधान के नाम पर भ्रम फैला रहे हैं, लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। योगी ने बिना किसी पार्टी का नाम लिए कहा कि ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का संविधान 145 करोड़ लोगों का गौरव है। देश के हर नागरिक को इसके सम्मान और लोकतंत्र की रक्षा की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

 

योगी आदित्यनाथ गुरुवार को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने संविधान के महत्व के साथ पिछली सरकारों के कामकाज पर भी सवाल उठाए। योगी ने कहा कि कुछ लोग लाल पुस्तिका लेकर लोगों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। अगर उन्होंने संविधान को ठीक से पढ़ा होता तो ऐसे दावे नहीं करते।

'संविधान सिर्फ अधिकारों की बात नहीं करता'

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की ताकत किसी एक व्यक्ति, परिवार या जाति में नहीं है। देश की असली ताकत उसके आम नागरिक हैं। संविधान हर भारतीय को देश का भाग्य तय करने का अधिकार देता है। इसलिए कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि वही देश का असली रक्षक है।

 

उन्होंने कहा कि संविधान सिर्फ अधिकारों की बात नहीं करता। बल्कि हमें अपने कर्तव्यों और देश के प्रति जिम्मेदारी भी याद दिलाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इन लोगों को सत्ता में रहने का मौका मिला, तब उन्होंने अपने फायदे के लिए संविधान में बदलाव किए। मुख्यमंत्री ने पहले संविधान संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि इससे प्रेस की आजादी प्रभावित हुई थी। उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया।

कांग्रेस पर बाबा साहेब आंबेडकर की अनदेखी का आरोप

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें भारत रत्न नहीं मिलने दिया। साथ ही उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने और चुनाव हराने की कोशिश की गई।

 

यह भी पढ़ें: पुराने वफादारों ने आसानी से किए गठबंधन, कांग्रेस का खेल बिगाड़ेंगे बड़बोले नेता?

 

उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। योगी ने कहा कि सपा सरकार के समय कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटा दिया गया था। बाद में इसे फिर से उनके नाम पर किया गया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने महापुरुषों के सम्मान में कई काम किए हैं। बहराइच में महाराज सुहेलदेव का स्मारक बनाया गया और अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर विश्वविद्यालय तैयार किया गया।

संविधान की मूल प्रति में भगवान राम और कृष्ण के चित्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में पद संभालने के बाद संसद और संविधान को प्रणाम किया था। उन्होंने बताया कि नए संसद भवन में संविधान की मूल प्रति को खास जगह दी गई है।

 

योगी के अनुसार, संविधान की मूल प्रति में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के अयोध्या लौटने का चित्र है। इसमें भगवान कृष्ण के अर्जुन को गीता का उपदेश देने, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक के चित्र भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह देश की सांस्कृतिक विरासत को दिखाता है। उन्होंने यह भी बताया कि संविधान सभा में उत्तर प्रदेश के 55 सदस्य थे। सभा की 15 महिला सदस्यों में से 6 उत्तर प्रदेश से थीं। 

पिछली सरकारों के कामकाज पर भी उठाए सवाल

योगी ने शिक्षा, रोजगार और कानून-व्यवस्था को लेकर भी पिछली सरकारों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी स्कूलों की हालत खराब थी। स्कूलों में न तो पर्याप्त भवन थे और न शिक्षक। नकल की समस्या भी आम थी। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को नौकरी नहीं मिलती थी। भर्ती निकलते ही वसूली शुरू हो जाती थी और पेपर लीक होते थे। गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था। किसानों को परेशानी होती थी और महिलाओं की सुरक्षा भी ठीक नहीं थी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का राज ही विकास की गारंटी है। उनके अनुसार, उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है।