सनातन धर्म में गोवर्धन पूजा के बाद सभी लोग बड़े धूमधाम से भाई दूज का त्योहार मनाते हैं। यह त्योहार भाई-बहन के अटूट बंधन और स्नेह का प्रतीक है। इस दिन सभी भाई-बहन कुछ खास रस्में निभाते हैं। जहां एक तरफ बहनें अपने भाई को तिलक लगाकर आरती करती हैं। इस रस्म के जरिए बहनें अपने भाई की लंबी उम्र की कामना करती हैं, वहीं दूसरी तरफ भाई अपनी बहनों को गिफ्ट देते हैं और जीवनभर उनका साथ निभाने का वादा करते हैं। धार्मिक जानकारों का मानना है कि इस दिन सभी बहनों को शुभ मुहूर्त में ही अपने भाई को तिलक लगाना चाहिए।
इस साल कई लोगों का मानना है कि यह त्योहार 10 नवंबर को मनाना चाहिए, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि 11 नवंबर को यह त्योहार मनाना शुभ रहेगा। आइए जानते हैं त्योहार की सही तारीख और पूजा का शुभ मुहूर्त क्या है?
यह भी पढ़ें: 10 नवंबर का राशिफल: गोवर्धन पूजा पर किन राशियों को मिलेगा श्रीकृष्ण का आशीर्वाद?
कब मनाएं भाई दूज?
इस साल 10 नवंबर को कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि है। इसी तिथि पर भाई दूज का त्योहार मनाया जाता है। हालांकि, इस साल 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे द्वितीया तिथि शुरू हो रही है, जो 11 नवंबर को दोपहर 3:53 बजे खत्म होगी। इस त्योहार की उदया तिथि 11 नवंबर है। इस वजह से भाई दूज का त्योहार 11 नवंबर को मनाना चाहिए।
भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल दोपहर के समय बहनों को अपने भाई को तिलक लगाना चाहिए। 11 नवंबर को तिलक लगाने और आरती करने का सबसे शुभ मुहूर्त दोपहर 1:10 बजे से लेकर 3:20 बजे तक रहेगा। इसी समय बहनों को अपने भाई को तिलक लगाने के साथ-साथ उनकी लंबी उम्र की कामना करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: आज किन राशियों की खुलेगी किस्मत, किन्हें होगा धन लाभ? पढ़ें आज का राशिफल
इस दिन सभी लोगों को सुबह पूरे परिवार के साथ मिलकर भगवान गणेश, मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु की पूजा करनी चाहिए। पूजा के दौरान भक्तों को देवी-देवताओं की प्रतिमाओं पर रोली और चंदन का तिलक लगाना चाहिए। उसके बाद दीपक जलाकर भगवान के समक्ष फल और मिठाई का भोग लगाना चाहिए। पूजा के बाद बहनों को अपने भाइयों की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करनी चाहिए।
भाई दूज की कथा
धार्मिक कहानी के मुताबिक, सूर्य भगवान की दो संतानें थीं, जिनके नाम यमराज और यमुना थे। दोनों भाई-बहन में बेहद स्नेह था। यमुना कई बार यमराज को खाना खिलाने के लिए अपने घर बुलाती थीं लेकिन काम में व्यस्त होने के कारण यमराज अपनी बहन के घर नहीं जा पाते थे। इसके बाद कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर यमराज अपनी बहन के घर गए तो यमुना बेहद खुश हुईं। यमुना ने यमराज को तिलक लगाया और उनकी आरती उतारी।
यह भी पढ़ें: दिवाली की तरह पारसी और यहूदी धर्म के कौन से त्योहार रोशनी से जगमगाते हैं?
यह सब देखकर यमराज बेहद खुश हुए। उन्होंने यमुना से कहा कि जो आपकी इच्छा है, वह मांग लीजिए। तब यमुना ने वरदान मांगा कि हर साल इस दिन जो भाई अपनी बहन से तिलक लगवाए, उसकी लंबी उम्र हो। यमराज ने अपनी बहन को यह वरदान दे दिया। इसी कथा के आधार पर भाई दूज मनाने की परंपरा शुरू हुई।
नोट:यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। इसकी पुष्टि हम नहीं करते हैं।
