एशिया कप राइजिंग स्टार्स मुकाबले में भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद इमरान रंधावा के एक ओवर में 24 रन ठोक दिए। अभिषेक ने भारत-ए की पारी के आठवें ओवर में इमरान रंधावा को राडार पर लिया और लगातार 5 बाउंड्री लगाई। इमरान रंधावा ने भारत को 314 रन के चेज में वैभव सूर्यवंशी (11) के रूप में तगड़ा झटका दिया था।
29 वर्षीय इस मध्यम गति के गेंदबाज ने अपने से आधी उम्र के वैभव को आउट करने के बाद आक्रामक अंदाज में सेंड ऑफ दिया। इमरान रंधावा का यह रवैया शायद अभिषेक को पसंद नहीं आया और उन्होंने इस गेंदबाज को कड़ा सबक सिखाया। अभिषेक ने इमरान रंधावा की पहली गेंद खाली जाने के बाद लगातार 2 चौके और 2 छक्के लगाए। उन्होंने ओवर की समाप्ति चौके के साथ की। इसके बाद पाकिस्तानी कप्तान को इमरान रंधावा को अटैक से ही हटाना पड़ा।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ बुरी तरह चोटिल हुए तिलक वर्मा, गर्दन पकड़कर मैदान से गए बाहर
अभिषेक ने खेली 70 रन की तूफानी पारी
नेपाल के खिलाफ पिछले मैच में फेल रहे अभिषेक ने आक्रामकता के साथ संयम भी दिखाया और 42 गेंद में 70 रन की आतिशी पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 6 चौके और 6 छक्के निकले। अभिषेक अकेले दम पर भारत-ए को मैच में बनाए हुए थे लेकिन वह पार्ट-टाइमर हसन नवाज की गेंद पर फंस गए। उन्होंने छक्का लगाने के बाद अगली गेंद को भी बाहर भेजना चाहा लेकिन वह टाइम नहीं कर पाए और पाकिस्तानी कप्तान अब्दुल समद ने अच्छा कैच लपक उनकी पारी खत्म कर दी।
यह भी पढ़ें: सूर्या की कप्तानी में मुंबई ने लगाया जीत का चौका, अंगकृष रघुवंशी ने जड़ा अर्धशतक
अभिषेक के आउट होते ही बिखरी भारत की पारी
बड़े रन चेज में भारत ने चौथे ओवर में ही वैभव का विकेट गंवा दिया। उनका विकेट 25 के स्कोर पर गिरा। अगले ओवर में आयुष बदोनी (0) भी चलते। उन्हें अली राजा ने क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद अभिषेक ने मोर्चा संभाला और टीम को 100 के करीब पहुंचाया लेकिन उनके आउट होते ही पारी बिखर गई। भारत-ए ने इसके बाद कुमार कुशाग्र (2) और रिंकू सिंह (6) के विकेट छोटे अंतराल में गंवा दिए, जिससे उसका स्कोर 115/5 हो गया। खबर लिखे जाने तक कप्तान तिलक वर्मा और सूर्यांश शेडगे क्रीज पर थे। भारत-ए को जीत के लिए 28 ओवर में 199 रन बनाने थे।
