दिल्ली कैपिटल्स और बंगाल के विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल को पश्चिम बंगाल पुलिस ने रेप के आरोप से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया है। हुगली जिले में दर्ज मामले में एक महिला ने आरोप लगाया है कि पोरेल ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। पुलिस ने पोरेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें अदालत के आदेश के बाद गिरफ्तार किया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, पोरेल को मंगलवार को चिनसुराह अदालत में पेश किया जाएगा। यह मामला 23 जून को सामने आया था, जब कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने अपनी मां के साथ मोगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने पोरेल पर शारीरिक संबंध बनाने के अलावा मारपीट और धमकी देने के भी आरोप लगाए हैं। पोरेल पहले इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें: विंडीज चूका, अफगानी टीम को मिला वर्ल्ड कप का टिकट, क्वालिफिकेशन प्रोसेस क्या है?

महिला ने किया बड़ा दावा

महिला ने अपनी शिकायत में दावा किया कि वह और अभिषेक पोरेल करीब तीन साल से रिश्ते में थे। दोनों साथ में विदेश भी गए थे। महिला के मुताबिक, करीब डेढ़ साल पहले उनके रिश्ते में तनाव आने लगा और पोरेल ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अभिषेक पोरेल ने उससे शादी करने का वादा किया था लेकिन बाद में वह शादी से पीछे हट गए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई और उसे धमकी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू की।

पुलिस को घर पर नहीं मिले अभिषेक पोरेल

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पोरेल के चंदननगर स्थित घर पर कई बार दबिस दी लेकिन वह वहां नहीं मिले। इसके बाद कलकत्ता हाई कोर्ट ने जुलाई में पुलिस को उनकी गिरफ्तारी का निर्देश दिया था। कोर्ट ने मामले से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त करने का भी आदेश दिया था। अदालत ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से जुड़ी कार्रवाई इसलिए भी जरूरी बताई थी ताकि मामले से संबंधित संवेदनशील सामग्री का प्रसार रोका जा सके। इसके बाद पुलिस ने पोरेल की गिरफ्तारी की कार्वाई की।

 

यह भी पढ़ें: सरफराज खान की डेढ़ साल बाद टेस्ट टीम में वापसी, खेलने का मौका मिलेगा या नहीं?

पोरेल का क्रिकेट करियर

अभिषेक पोरेल विकेटकीपर और बाएं हाथ के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज हैं। वह 2023 से IPL में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं। पिछले सीजन में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से 4 पारियों में 108 रन बनाए थे। पोरेल ने 2021-22 सीजन में बंगाल के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था। अब तक उन्होंने 32 फर्स्ट क्लास मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 1,408 रन हैं। इस दौरान उन्होंने 12 अर्धशतक और 1 शतक लगाया है। वहीं, 23 लिस्ट ए मैचों में पोरेल ने 833 रन बनाए हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में उनके नाम 5 अर्धशतक और 2 शतक हैं।