एशियन गेम्स 2026 के 11वें दिन भी भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने इस दिन तीरंदाजी में तीसरा गोल्ड मेडल जीता है। यह गोल्ड भारतीय पुरुष कंपाउंड टीम ने अपने नाम किया। फाइनल में भारत का मुकाबला चीन से हुआ। कुशल दलाल, साहिल राजेश जाधव और गणेश मणिरत्नम थिरुमुरु की टीम ने चीन को कड़े मुकाबले में 238-237 से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया।
फाइनल में भारतीय टीम शुरुआत में चीन से पीछे चल रही थी लेकिन भारतीय तीरंदाजों ने दबाव के बीच शानदार वापसी की। साहिल जाधव ने पूरे मुकाबले में एक भी 9 का निशाना नहीं लगाया और उनके सभी शॉट 10 अंके के रहे। आखिरी शॉट भी उन्होंने 10 पर लगाया। कुशल और गणेश ने भी अहम मौकों पर सटीक निशाने लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
यह भी पढ़ें: नीरू ढांडा ने भारत को दिलाया एक और गोल्ड, काइनन के साथ मिलकर किया कमाल
पहले दो राउंड में चीन का दबदबा
फाइनल की शुरुआत चीन ने शानदार तरीके से की। उसके शुरुआती तीनों तीर 10 के निशाने पर लगे। भारत की ओर से साहिल और गणेश ने 10-10 अंक हासिल किए, जबकि कुशल का एक निशाना 9 का रहा। इससे भारत शुरुआती दौर में एक अंक से पिछड़ गया। दूसरे रोटेशन में भी चीन के तीरंदाजों ने सटीक निशाने लगाए। भारत के लिए गणेश का एक शॉट 9 का रहा, जबकि कुशल और साहिल 10-10 अंक हासिल किए। इसके बाद चीन 60-58 से आगे था। मुकाबला आगे बढ़ने के साथ दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और चीन ने अपनी बढ़त बनाए रखी।
यह भी पढ़ें: Asian Games: तीरंदाजी में गोल्ड की बरसात, अब मिक्स्ड कंपाउंड टीम ने दिलाया मेडल
भारत ने आखिरी राउंड में पलटा मैच
मुकाबले के बीच तक चीन ने दो अंकों की बढ़त कायम रखी थी। इसके बाद भारतीय तीरंदाजों ने लगातार 10 के निशाने लगाकर अंतर कम करना शुरू किया। एक समय भारत का स्कोर 148 अंक था, जबकि चीन 149 अंक पर था। इसके बाद मुकाबला सिर्फ एक अंक के अंतर पर आ गया। अंतिम राउंड में भारतीय तिकड़ी ने दबाव बनाए रखा। चीन के एक तीर को 8 अंक दिए गए, जिस पर रिव्यू भी हुआ। इसके बाद भारत ने अपनी स्थिति मजबूत की। साहिल ने अंतिम शाॉट 10 अंक पर लगाया और कुशल व गणेश ने भी 10-10 अंक हासिल किए। चीन की ओर से भी लगातार 10 के निशाने लगे लेकिन अंत में भारत ने 238-237 से बाजी मार ली।
