एशियन गेम्स 2026 का आज (24 सितंबर) छठा दिन है। भारत ने जापान के आइची-नागोया में हो रहे इस प्रतियोगिता में 2 मेडल जीतकर दिन की अच्छी शुरुआत की है। सतनाम सिंह और सलमान खान ने रोइंग के मेंस डबल्स स्कल्स (M2M) इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। इसके बाद वुशू खिलाड़ी रोशिबिना देवी ने सिल्वर मेडल हासिल किया। भारत के खाते में टोटल 14 मेडल हो गए हैं।

सतनाम-सलमान सिल्वर से चूके

सतनाम सिंह और सलमान खान ने की जोड़ी 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर चल रही थी लेकिन अंतिम 500 मीटर में तीसरे स्थान पर खिसक गई। दोनों ने छह मिनट 13.25 सेकंड का समय निकाला। चीन के यी शूडी और यी दे नी ने छह मिनट 09.37 सेकंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता। उज्बेकिस्तान के पावेल सोरिन और मेखरोजबेक मामातकुलोव ने छह मिनट 10.49 सेकंड में रेस पूरी कर सिल्वर मेडल हासिल किया। भारतीय जोड़ी गोल्ड मेडल विजेताओं से 3.88 सेकंड पीछे रही।

 

सतनाम ने पिछले एशियन गेम्स में मेंस क्वाड्रपल स्कल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इस मेडल के साथ एशियाड में उनके मेडल्स की संख्या 2 हो गई है। इससे पहले भारत रोइंग में एक और मेडल से मामूली अंतर से चूक गया। बलराज पंवार मेंस सिंगल्स स्कल्स के फाइनल में छह मिनट 54.80 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे। बलराज 500, 1000 और 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर बने हुए थे लेकिन अंतिम 500 मीटर में वह फिसलकर चौथे स्थान पर पहुंच गए। 

 

यह भी पढ़ें: भारतीय टेनिस खिलाड़ी पर लगा 4 साल का बैन, ITIA ने नहीं मानी दूषित खाने की दलील

 

चीन के देंग झीवेई ने छह मिनट 38.98 सेकंड में गोल्ड जीता। बलराज उनसे 15.82 सेकंड पीछे रहे। मेंस सिंगल्स स्कल्स में भारत ने पिछली बार 2014 के इंचियोन एशियन गेम्स में मेडल जीता था। तब स्वर्ण सिंह ने ब्रॉन्ज हासिल किया था। इस स्पर्धा में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले एकमात्र खिलाड़ी बजरंग लाल ठाकुर हैं। उन्होंने 2010 के ग्वांगझू एशियन गेम्स में यह ऐतिहासिक कारनामा किया था।

रोशिबिना ने लगातार तीसरी बार जीता मेडल

मणिपुर की रोशिबिना देवी ने विमेंस 60 किग्रा सांडा स्पर्धा में सिल्वर जीतकर लगातार तीसरे एशियन गेम्स में मेडल हासिल किया। फाइनल में उन्हें चीन की झांग शियाओयू से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। दोनों दो मिनट के राउंड में पांचों जज ने एकमत से चीनी खिलाड़ी के पक्ष में 5-0 का फैसला दिया। 

 

यह भी पढ़ें: चेस ओलंपियाड के राउंड 7 में भारत की जबरदस्त वापसी, महिलाओं ने जर्मनी को धो डाला

 

झांग ने पहले राउंड में दबदबा बनाया, जिस पर पांचों जजों ने उन्हें क्रमश: 6-2, 6-3, 6-2, 6-2 और 8-2 से बढ़त दी। दूसरे और अंतिम राउंड में भी चीन की खिलाड़ी का प्रदर्शन बेहतर रहा। पांचों जजों ने उन्हें 10-2, 8-3, 7-3, 7-3 और 6-1 से विजेता माना। पिछले एशियन गेम्स में सिल्वर और 2018 के गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली रोशिबिना इस मुकाबले में चीन की खिलाड़ी की आक्रामकता और तकनीकी दबदबे का जवाब नहीं दे सकीं। झांग के खासकर साइड किक से उन्हें परेशानी हुई।