जापान के आइची-नागोया में हो रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत ने शूटिंग में छठा मेडल जीत लिया है। महिला स्कीट टीम टीम ने बुधवार (23 सितंबर) को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। माहेश्वरी चौहान, परिनाज धालीवाल और रायाजा ढिल्लों की तिकड़ी 331 के कुल स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रही। चीन ने गोल्ड मेडल जीता। उसकी टीम ने कुल 357 अंक हासिल किए। कजाकिस्तान ने 336 अंकों के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया।
रायजा और परिनाज ने इस इवेंट के व्यक्तिगत फाइनल के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है। व्यक्तिगत फाइनल आज ही होगा। रायजा और परिनाज दोहरा मेडल हासिल करने की पूरी कोशिश करेंगी।
भारतीय शूटिंग टीम ने इससे पहले 4 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज हासिल किए थे। अब स्कीट टीम ने ब्रॉन्ज दिलाकर शूटिंग मेडल की संख्या 6 पहुंचा दी है। भारत के खाते में अब तक कुल मेडल की बात करें तो इसकी संख्या 8 है। महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को गोल्ड मेडल जीता था। वहीं मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) फाइटर सुचिका तरियाल ने ब्रॉन्ज दिलाया।
यह भी पढ़ें: Asian Games: शूटिंग में कितने मेडल आएंगे, मनु भाकर का इवेंट कब है? पूरी जानकारी
जय मीणा ने पक्का किया ऐतिहासिक ब्रॉन्ज
सॉफ्ट टेनिस में जय मीणा ने ब्रॉन्ज मेडल पक्का कर इतिहास रच दिया है। एशियन गेम्स में सॉफ्ट टेनिस में भारत का यह पहला मेडल है। जय मीणा ने क्वार्टर-फाइनल में फिलीपींसं के शेरविन नुगुइट को 4-3 से हरा दिया। फाइनल गेम में जय 3-5 से पीछे चल रहे थे। इसके बाद उन्होंने जबरदस्त वापसी की और लगातार 4 पॉइंट जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाकर मेडल पक्का कर लिया।
यह भी पढ़ें: जापान के खिलाफ आखिरी ओवर में बवाल, अंपायर से क्यों भिड़े श्रेयस-अक्षर?
एशियन गेम्स में तीसरी बार खेल रहे जय मीणा अब गोल्ड मेडल मैच में पहुंचना चाहेंगे। वह सेमीफाइनल में हार भी जाते हैं तो उन्हें ब्रॉन्ज मिलेगा। सॉफ्ट टेनिस में सेमीफाइनल में हारने वाले खिलाड़ियों को ब्रॉन्ज मेडल मिलता है, जबकि जीतने वाले खिलाड़ी गोल्ड मेडल मैच में पहुंचते हैं।
