एशियन गेम्स 2026 का आयोजन सितंबर-अक्टूबर में जापान में होना है। इस कम्पटीशन के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। BCCI ने फुल-स्ट्रेंथ टी20 टीम चुनी है, जिसमें जसप्रीत बुमराह को भी रखा गया है। बुमराह को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए आराम दिया गया है। 2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए सेलेक्टर्स बुमराह को लेकर एहतियात बरत रहे हैं लेकिन उन्हें एशियन गेम्स के लिए 15 सदस्यीय स्क्वॉड में चुन लिया गया है।

श्रेयस अय्यर के हाथों में कमान

31 साल के श्रेयस अय्यर भारतीय टी20 टीम के नए कप्तान बने हैं। एशियन गेम्स में उनके हाथों में ही कमान होगी। टीम में मोहम्मद सिराज की जगह बुमराह की एंट्री हुई है। सिराज आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में शामिल हैं। इस दौरे के लिए चुने गए प्रिंस यादव भी एशियन गेम्स टीम में नहीं हैं।

 

यह भी पढ़ें: जून की गर्मी, खाली स्टेडियम; मुल्लांपुर में टेस्ट मैच कराने पर BCCI पर उठे सवाल

वैभव सूर्यवंशी टीम में शामिल

15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के साथ एशियन गेम्स के लिए भी सेलेक्ट किया गया है। वैभव ने IPL 2026 में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन ठोककर पर्पल कैप अपने नाम किया था, जिसका उन्हें ईनाम मिला है। ओपनिंग स्लॉट में वैभव की अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन से सीधी टक्कर है।

 

यह भी पढ़ें: अमेरिका में खेल सकेगी ईरान की टीम, FIFA वर्ल्ड कप के लिए मिला वीजा

 

भारत ने जीता था गोल्ड

पिछले एशियन गेम्स में भारतीय टीम ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में उतरी थी। टीम इंडिया ने चीन के हांगझोऊ में आयोजित इस कम्पटीशन में गोल्ड मेडल जीता था। भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला गया फाइनल मुकाबला 18.2 ओवर के बाद बारिश में धुल गया था। भारत ने टॉप सीड टीम होने के आधार पर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

 

इस बार एशियन गेम्स में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान, जापान, नेपाल, मलेशिया, हान्गकान्ग और ओमान की टीमें उतर रही हैं। 24 से 26 सितंबर के बीच शुरुआती क्वालिफायर मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद क्वार्टर फाइनल (28-29 सितंबर), सेमीफाइनल (1 अक्टूबर) और ब्रॉन्ज मेडल और गोल्ड मेडल के लिए 3 अक्टूबर को मुकाबले होंगे।

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, जसप्रीत बुमराह

एशियन गेम्स 2022 के लिए भारतीय टीम

ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, राहुल त्रिपाठी, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, रवि बिश्नोई, आवेश खान, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार, शिवम मावी, शिवम दुबे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)