भारतीय तीरंदाज नीरज चौहान ने एशियन गेम्स 2026 में शनिवार (3 अक्टूबर) को व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में हमवतन धीरज बोम्मादेवरा को 6-4 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। नीरज ने ब्रॉन्ज मेडल के प्लेऑफ मैच में धीरज को 29-26, 27-28, 28-29, 30-28, 29-28 से हराया। इस तरह से वह तरुणदीप राय के बाद एशियन गेम्स में व्यक्तिगत रिकर्व मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय पुरुष तीरंदाज बन गए।
इससे पहले टॉप सीड धीरज सेमीफाइनल में पेरिस ओलंपिक के ब्रॉन्ज मेडल विजेता ली वू सेओक से 3-7 से हार गए थे, जबकि नीरज को अंतिम-4 के मैच में जापान के तीरंदाज जुन्या नाकानिशी से 1-7 से हार का सामना करना पड़ा। धीरज ने क्वार्टर-फाइनल में उज्बेकिस्तान के अमीरखोन सादिकोव को 6-2 (29-27, 29-27, 28-28, 28-28) से, जबकि नीरज ने भूटान के लाम दोरजी को 7-1 (26-20, 27-24, 26-26, 28-27) से हराया था।
यह भी पढ़ें: Asian Games: अमन सहरावत और अंतिम पंघाल फाइनल में पहुंचे, गोल्ड अब दूर नहीं
कुमकुम मोहाद ने जीता ऐतिहासिक गोल्ड
17 साल की की कुमकुम मोहाद ने दबाव में संयम के साथ खेलते हुए कोरिया की ओ येजिन को शूटआउट में हराकर एशियन गेम्स की महिला व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी स्पर्धा में भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाया। कुमकुम एशियन गेम्स की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला तीरंदाज बनी हैं। स्कोर 5-5 से बराबर रहने के बाद कुमकुम ने शूटआउट में 10 स्कोर किया, जबकि येजिन 8 ही स्कोर कर सकीं।
तरूणदीप राय ने 2010 ग्वांग्झू एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीता था और वह एशियन गेम्स में रिकर्व तीरंदाजी में व्यक्तिगत मेडल जीतने वाले अन्य भारतीय खिलाड़ी हैं।
यह भी पढ़ें: Asian Games: भारत की प्रणवी उर्स ने जीता गोल्ड, एशियन गेम्स में रचा इतिहास
कुमकुम ने ओलंपिक कोटा भी हासिल किया
इससे पहले चीन की जिंगयी झू को हराकर फाइनल में पहुंचने के साथ कुमकुम ने लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के दो कोटा स्थानों में से एक हासिल कर लिया। यह कोटा देश को मिलता है लेकिन भारत को अभी टीम कोटा हासिल करना है। कुमकुम ने झू को 28-27, 30-30, 29-29, 29-28 से हराया। कुमकुम ने पहला सेट 9, 10 और 9 के स्कोर से जीता।
दूसरे सेट में दोनों तीरंदाजों ने तीनों निशाने इनर 10 में लगाये। तीसरा सेट भी बराबरी पर रहा। आखिरी सेट में कुमकुम ने 29-28 से जीत दर्ज की। कुमकुम ने महिला रिकर्व टीम का गोल्ड भी अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा के साथ जीता था। इसके बाद धीरज बोम्मदेवरा के साथ मिक्स्ड जोड़ी का मेडल जीता।
