ऑस्ट्रेलिया ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट की शुरुआत मंगलवार (9 जून) से होने जा रही है। इस टूर्नामेंट में डबल ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु लंबे समय से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म करना चाहेंगी। तीसरी सीड सिंधु 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल टूर्नामेंट जीतने के बाद से अपना पहला BWF वर्ल्ड टूर खिताब जीतने की कवायद में हैं। 

 

पूर्व वर्ल्ड चैंपियन का इस सीजन का बेस्ट प्रदर्शन जनवरी में मलेशिया ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचना रहा है। सिंधु को ऑस्ट्रेलियन ओपन में थोड़ा आसान ड्रॉ मिला है, जिससे उनके पास खिताब जीतने का सुनहरा मौका है। 30 साल की सिंधु का पहला मैच पेरू की इनेस लूसिया कैस्टिलो से होगा। इस मैच में जीत दर्ज करने के बाद उनका सामना हमवतन इशारानी बरुआ और चीन की हान कियान शी के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। 

 

सिंधु पिछले सप्ताह इंडोनेशिया ओपन में राउंड ऑफ 16 में पहुंची थीं, जहां उन्हें वर्ल्ड नंबर-1 आन से यंग से हार का सामना करना पड़ा था। अगर सिंधु ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंचती हैं तो उनका सामना वर्ल्ड नंबर-3 अकाने यामागुची से हो सकता है। यामागुची जापान से आती हैं। अगर सिंधु ने यामागुची की चुनौती से पार पा लिया तो फाइनल में उनका मुकाबला थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से हो सकता है। चोचुवोंग ऑस्ट्रेलियन ओपन में दूसरी सीड हैं।

 

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी टेस्ट क्रिकेट में सफल हो पाएंगे या नहीं? डिविलियर्स ने बता दिया

महिला सिंगल्स में ये भारतीय खिलाड़ी भी उतरेंगी

महिला सिंगल्स के ड्रॉ में ही तन्वी शर्मा का सामना चीनी ताइपे की पांचवीं वरीयता प्राप्त चियू पिन चियान से, जबकि मालविका बंसोड़ का मुकाबला मलेशिया की गोह जिन वेई से होगा। अनमोल खरब को जापान की पूर्व वर्ल्ड चैंपियन और चौथी वरीयता प्राप्त नोजोमी ओकुहारा के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। आकर्षी कश्यप का मुकाबला मलेशिया की वोंग लिंग चिंग से, जबकि तान्या हेमंत का अमेरिका की इशिका जायसवाल से होगा।

 

यह भी पढ़ें: कौन हैं एलेक्जेंडर ज्वेरेव, जिन्होंने जीता फ्रेंच ओपन का खिताब?

मेंस सिंगल्स में आयुष से उम्मीदें

आयुष शेट्टी मेंस सिंगल्स में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। मेंस सिंगल्स में वर्ल्ड के 20वें नंबर के खिलाड़ी और यहां छठी वरीयता प्राप्त आयुष शेट्टी अपना पहला मैच क्वालिफायर के खिलाफ खेलेंगे। एचएस प्रणय का मुकाबला इंडोनेशिया के मोहम्मद जाकी उबा से होगा, जबकि किरण जॉर्ज पहले दौर में मलेशिया के जस्टिन होह का सामना करेंगे। 

 

मेंस डबल्स में इंडोनेशिया ओपन में क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाले हरिहरन अमसाकरुनन और एमआर अर्जुन को पहले दौर में चीनी ताइपे के ली फांग-चिह और ली फांग-जेन की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। अच्युतादित्य राव डोड्डावारापू और पोचना अर्जुन रेड्डी का मुकाबला चीन के हुआंग डि और लियू यांग से होगा। 

 

विमेंस डबल्स के मुख्य ड्रॉ में कोई भी भारतीय जोड़ी भाग नहीं ले रही है। मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी हांगकांग के चान यिन चक और एनजी त्स यौ के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी।