फिरकी गेंदबाज युजवेंद्र चहल को सफेद गेंद के सफल गेंदबाजों में गिना जाता है। उनकी गुगली बड़े से बड़ा बल्लेबाज भी भांप नहीं पाता है लेकिन इस बार चतुर-चालाक चहल ने ऐसी गुगली फेंकी है, जिससे उनके फैंस भी हैरान रह गए हैं। चहल ने क्रिकेट के मैदान के बाद अब राजनीति की नई पारी शुरू कर दी है। वह शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है। खास बात यह है कि चहल ने क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है। वह अभी भी सक्रिय क्रिकेटर हैं। ऐसे में उनके राजनीति में आने के बाद एक सवाल उठ रहा है कि क्या कोई खिलाड़ी क्रिकेट खेलते हुए किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल हो सकता है। क्या भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के नियम इसकी इजाजत देते हैं या फिर सक्रिय क्रिकेटरों के राजनीति में आने पर कोई रोक है।

 

भारतीय क्रिकेट में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब किसी सक्रिय खिलाड़ी ने राजनीति का रुख किया हो। इससे पहले बंगाल के क्रिकेटर मनोज तिवारी भी ऐसा कर चुके हैं। वह 2021 में तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हुए थे। विधानसभा चुनाव लड़ा और जीतकर पश्चिम बंगाल सरकार में खेल एवं युवा मामलों के राज्य मंत्री बने। दिलचस्प बात यह है कि राजनीति में आने के बाद भी उन्होंने क्रिकेट खेलना जारी रखा। 2022-23 के घरेलू सीजन में वह बंगाल की टीम से खेले और रणजी ट्रॉफी के फाइनल तक पहुंचे। उन्होंने अगस्त 2023 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लिया।

क्या कहता है BCCI का नियम?

BCCI के सार्वजनिक नियमों में ऐसा कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं मिलता, जो किसी सक्रिय क्रिकेटर को राजनीतिक पार्टी में शामिल होने से सीधे रोकता हो। यानी सिर्फ किसी पार्टी की सदस्यता लेने या राजनीतिक संगठन में पद संभालने के कारण खिलाड़ी को क्रिकेट छोड़ना अनिवार्य नहीं है।

 

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि क्रिकेटर मैदान के बाहर कुछ भी कर सकते हैं। BCCI का खिलाड़ियों के लिए आचार संहिता (Code of Conduct) भी है। इसके तहत खिलाड़ियों से उम्मीद की जाती है कि उनका आचरण क्रिकेट, BCCI और खेल की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला न हो। अगर किसी खिलाड़ी का आचरण इस संहिता का उल्लंघन करता है तो बोर्ड कार्रवाई कर सकता है।

मनोज तिवारी का मामला क्यों है खास?

मनोज तिवारी का उदाहरण इस सवाल को समझने के लिए काफी अहम है। उन्होंने 2021 में TMC का दामन थामा था। उस समय वह क्रिकेट से पूरी तरह दूर नहीं हुए थे। बंगाल की टीम के लिए घरेलू क्रिकेट खेल रहे थे। विधानसभा चुनाव में जीत के बाद उन्हें ममता बनर्जी सरकार में मंत्री बनाया गया।

 

इसके बावजूद उन्होंने क्रिकेट खेलना जारी रखा। 2022-23 के रणजी सीजन में वह बंगाल की टीम के कप्तान भी रहे। उनकी टीम फाइनल तक पहुंची थी। इसके बाद अगस्त 2023 में उन्होंने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का ऐलान किया। इस तरह मनोज तिवारी का राजनीतिक करियर और क्रिकेट करियर कुछ समय तक साथ-साथ चला। 

 

यह भी पढ़ें: 38 के सचिन vs 38 के विराट: मास्टर ब्लास्टर की तुलना में कहां तक पहुंचे कोहली?

राजनीति में आने के लिए क्रिकेट छोड़ना जरूरी है?

राजनीति में आने के लिए क्रिकट खेलना जरूरी है? इसका सीधा जवाब है नहीं। BCCI के नियमों में ऐसा कोई सामान्य प्रतिबंध नहीं है कि राजनीतिक पार्टी में शामिल होने के बाद खिलाड़ी को क्रिकेट से संन्यास लेना ही होगा। यहां एक और बात समझना जरूरी है। BCCI के संविधान में बोर्ड के पदाधिकारियों की पात्रता से जुड़े कुछ प्रतिबंध हैं। उदाहरण के लिए, मंत्री या सरकारी कर्मचारी BCCI के पदाधिकारी बनने के लिए पात्र नहीं होते लेकिन यह प्रतिबंध क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी और BCCI के पदाधिकारी के बीच अंतर करता है। इसे सक्रिय क्रिकेटरों के राजनीति में आने पर रोक नहीं माना जा सकता।

 

यह भी पढ़ें: 'प्लीज प्लीज स्पोर्ट्स को राजनीति से न जोड़ें', इमरान मसूद पर भड़कीं रंजीत रंजन

चहल और मनोज तिवारी के मामले में क्या अंतर है?

युजवेंद्र चहल क्रिकेट से संन्यास लिए बिना भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए हैं। उन्हें पार्टी के ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। वह अभी भी सक्रिय क्रिकेटर हैं और क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। वहीं, मनोज तिवारी 2021 में तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हुए थे। उन्होंने विधानसभा चुनाव जीता और राज्य सरकार में मंत्री बने। इसके बावजूद वह 2022-23 में घरेलू क्रिकेट खेलते रहे। उन्होंने 2023 में क्रिकेट से संन्यास लिया।

यानी सक्रिय क्रिकेटर का राजनीति में आना अपने आप में BCCI के नियमों का उल्लंघन नहीं है। चहल का मामला नया जरूर है लेकिन मनोज तिवारी पहले ही इसकी मिसाल पेश कर चुके हैं।