उज्बेकिस्तान के समरकंद में चल रहे 46वें चेस ओलंपियाड में भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी की है। ओपन और महिला टीम ने अपनी छठी जीत दर्ज करते हुए खुद को शीर्ष 3 में बरकरार रखा है। भारतीय ओपन टीम ने राउंड 7 में इंग्लैंड को और महिला टीम ने जर्मनी को हराकर अपनी पोजीशन बेहतर कर ली है। अगले राउंड में भारत की ओपन टीम का मुकाबला अजरबैजान से और महिला टीम का मुकाबला कजाकिस्तान से होना है।
भारत के लिए यह राउंड राहत भरा रहा क्योंकि पिछले राउंड में मेजबान उज्बेकिस्तान के हाथों मिली हार के बाद यह राउंड बेहद अहम हो गया था। भारत की चिंता अभी भी निहाल सरीन बने हुए हैं क्योंकि वह लगातार दूसरी बार हार गए। वहीं, अर्जिन एरिगैसी ने माइकल एडम्स के खिलाफ ड्रा खेला।
यह भी पढ़ें: चेस ओलंपियाड 2026: गुकेश बोर्ड नंबर-4 पर खेलेंगे, इसके क्या मायने हैं?
कैसा रहा राउंड 7?
राउंड 7 में भारतीय ओपन टीम से खेलते हुए डी गुकेश और आर प्रज्ञानानंदा ने अपने-अपने मैच जीते। प्रज्ञानानंदा ने टॉप बोर्ड पर खेलते हुए निकिता वितुइगोव को हराया। दूसरी तरफ, बोर्ड 4 पर खेलते हुए डी गुकेश ने शानदार जीत हासिल की। वहीं, बोर्ड 3 पर खेल रहे निहाल सरीन ल्यूक मैकशेन से हार गए। भारत ने यह राउंड 2.5-1.5 से जीता।
महिलाओं की टीम ने इस राउंड में जर्मनी को पानी पिला दिया। कोनेरू हंपी, दिव्या देशमुख, वैशाली और सविता श्री के दम पर भारतीय महिलाओं ने जर्मनी को 3.5-0.5 के अंतर से बड़ी हार दी।
यह भी पढ़ें: चेस ओलंपियाड का फॉर्मेट क्या है, भारत की राह में चुनौती कौन-कौन हैं? हर डिटेल
इस मौके पर ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के अध्यक्ष नितिन नारंग ने उम्मीद जताई है कि भारतीय टीम अपना अच्छा खेल जारी रखेगी। उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा है, 'अभी 4 राउंड बाकी हैं। अपनी फाइटिंग स्पिरिट ऊंची रखनी है, शांत रहना है और आखिर तक कोशिश जारी रखनी है।'
कहां तक पहुंचा भारत?
राउंड 7 तक भारतीय महिला टीम कुल 7 मैच खेल चुकी है और 12 अंक के साथ अब वह तीसरे नंबर पर है। उसके आगे सिर्फ चीन और कजाकिस्तान हैं और इन तीनों के ही 13-13 अंक हैं। वहीं, भारत की ओपन टीम तीसरे नंबर पर है और उसके भी 12 अंक हैं। भारत से आगे 14 अंकों के साथ उज्बेकिस्तान और 12 अंकों के साथ नीदरलैंड्स हैं।
राउंड 8 में भारत की ओपन टीम का मुकाबला अजरबैजान से होना है। वहीं, महिला टीम का मुकाबला कजाकिस्तान से होना है।
