FIFA वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। स्पेन की टीम पिछले 3 साल में कोई कम्पटीटिव मैच नहीं हारी है। इस दौरान वह 2023 नेशंस लीग और 2024 यूरोपीय चैंपियन रह चुकी है।

 

इसके अलावा उसने वर्ल्ड कप क्वालिफाइंग राउंड में अपने ग्रुप में टॉप स्थान हासिल किया था, जहां उसने 21 गोल किए और महज 2 गोल ही खाए। ऑप्टा सुपरकंप्यूटर और ESPN के एनालिसिस में भी 2010 वर्ल्ड चैंपियन टीम के खिताब जीतने की प्रबल संभावना जताई गई है। स्पेन के चैंपियन बनने के चांस 16.1 फीसदी हैं, जो सभी टीमों में सबसे ज्यादा है।

 

यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप में अमेरिका की सबसे बड़ी जीत, पराग्वे को 4-1 से धोया

FIFA वर्ल्ड कप में स्पेन

एडिशन 16
बेस्ट फिनिश विनर (2010)
मैच 67
जीते 31
ड्रॉ 17
हारे 19
गोल किए 108
गोल खाए 75

क्या है स्पेन की ताकत?

स्पेन की सबसे बड़ी ताकत उसका मिडफील्ड है। बैलन डी'ओर विजेता मिडफील्डर रोड्री पूरी तरह से फिट हो चुके हैं। वह टीम को कंट्रोल देंगे। वहीं पेड्री अटैक को आगे बढ़ाने के साथ हाफ-वे लाइन से पहले विपक्षी टीम के काउंटर अटैक को रोकने का काम करेंगे। इसके अलावा फेरान टोरेस, मिकेल ओयारजाबाल और मिकेल मेरिनो भी शानदार फॉर्म में हैं।

 

टीम के सबसे चर्चित चेहरा लैमिन यमाल पर सभी की नजरें रहेंगी। 18 साल के यमाल विपक्षी टीमों के डिफेंस को भेदने में माहिर हैं। उनके पास बेहतरीन लॉन्ग रेंज शॉट्स भी हैं। बार्सिलोना के इस फॉरवर्ड ने 24 गोल किए और 28 गोल में असिस्ट किया। वह यूरो 2024 के बेस्ट युवा खिलाड़ी का अवॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप 2026 में कौन-कौन से नए रिकॉर्ड बनेंगे? एक क्लिक में जान लीजिए

पिछले 3 वर्ल्ड कप में स्पेन का प्रदर्शन

  • 2014 - ग्रुप स्टेज
  • 2018 - राउंड ऑफ 16
  • 2022 - राउंड ऑफ 16

स्पेन का शेड्यूल

इस वर्ल्ड कप में स्पेन ग्रुप-H में उरुग्वे, सऊदी अरब और काबो वर्डी के साथ है। वह 15 जून को काबो वर्डी के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। इसके बाद 21 जून को उसकी भिड़ंत सऊदी अरब से होगी। स्पेन अपना आखिरी ग्रुप मैच 27 जून को उरुग्वे से खेलेगा।

  • 15 जून - बनाम काबो वर्डी
  • 21 जून - सऊदी अरब
  • 27 जून - उरुग्वे