हरभजन सिंह ने कहा है कि खिलाड़ी आमतौर पर जानते हैं कि उन्हें अपने करियर को कब समाप्त करना है। उन्होंने याद किया कि कैसे उनके शरीर ने उन्हें संन्यास लेने की औपचारिक घोषणा करने से पूरे छह साल पहले ही रुकने का संकेत दे दिया था। हरभजन ने बताया कि विराट कोहली और रोहित शर्मा को भी कब संन्यास लेना है, इसका जवाब उन्हें अपने आप मिल जाएगा। 

 

हरभजन ने न्यूज एजेंसी PTI को दिए इंटरव्यू में कहा, 'रोहित और विराट को इसका जवाब अपने भीतर से ही मिलेगा। आपको तब एहसास होता है जब आप उस मुकाम पर पहुंच जाते हैं जहां आपको संन्यास लेना पड़ता है।' हरभजन ने आधिकारिक तौर पर दिसंबर 2021 में संन्यास लिया था लेकिन उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच 2015 में गॉल में श्रीलंका के खिलाफ खेला था, जहां दिनेश चांदीमल ने उनके खिलाफ आसानी से रन बटोरे थे, जिससे उन्हें एहसास हो गया कि शायद रेड बॉल क्रिकेट को अलविदा कहने का समय आ गया है।

 

यह भी पढ़ें: पहले भारत और अब ऑस्ट्रेलिया... बांग्लादेश के इस अनजान गेंदबाज ने रचा इतिहास

RO-KO के वर्ल्ड कप खेलने पर क्या बोले भज्जी?

हरभजन ने हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि अगर लियोनेल मेसी खेल सकते हैं, तो विराट कोहली और रोहित शर्मा क्यों नहीं? उन्होंने इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों का समर्थन करते हुए कहा कि अगर उनमें खेलने की प्रतिबद्धता है तो वे अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में खेल सकते हैं। हरभजन ने कहा, 'खिलाड़ी कोई भी हो, मेरा मानना ​​है कि मापदंड प्रदर्शन होना चाहिए, उम्र नहीं।'

 

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वर्ल्ड कप में वैभव सूर्यवंशी जैसे होनहार लेकिन अपेक्षाकृत अनुभवहीन युवा खिलाड़ी की तुलना में कोहली और रोहित पर उम्मीदों का कहीं अधिक बोझ होगा। रोहित और कोहली ने अब तक जो प्रतिबद्धता दिखाई है, उसे देखते हुए हरभजन ने कहा कि वे वही कर सकते हैं जो 39 वर्षीय मेसी ने हाल ही में हुए फुटबॉल वर्ल्ड कप में दिखाया था।

 

मेसी ने अपने टैलेंट के दम पर अर्जेंटीना को फाइनल तक पहुंचाया था। जब भी वह गेंद लेकर आगे बढ़ते तो विरोधी टीम की रक्षापंक्ति को भेद देते थे। जब अगले साल साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में वनडे वर्ल्ड कप होगा, तब रोहित 40 साल और कोहली 39 साल के हो जाएंगे।

 

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी से कैसे बचा जाए? हरभजन ने बताया 'बेबी बॉस' को आउट करने का तरीका

'टैलेंट के आगे उम्र नहीं देखा जाना चाहिए'

हरभजन ने कहा, 'विराट भले ही 39 साल के हों लेकिन अगर वह अभी भी मैदान पर 20 साल के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ रहे हैं, तो उनकी उम्र मायने नहीं रखती। लियोनेल मेसी को ही देख लीजिए। 40 (39) साल की उम्र में भी पांच खिलाड़ी उन्हें रोक नहीं पाते। अगर किसी खिलाड़ी के पास ऐसी फिटनेस और टैलेंट हो कि पांच विरोधी भी उसे रोक न सकें, तो हम जानते हैं कि टैलेंट ही सर्वोपरि है।'