भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने हाल ही में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए हार्दिक पंड्या को टी20 टीम में शामिल नहीं किया था। अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए हार्दिक को इसी फॉर्मेट में अब ज्यादा खिलाने का प्लान है। उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू हो रही है वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में रखा गया है। हालांकि इस सीरीज में उनके खेलने पर संशय बना हुआ था, क्योंकि वह पूरी तरह से फिट नहीं थे। अब उनकी फिटनेस पर बड़ा अपडेट सामने आया है।
न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक ने फुल फिटनेस हासिल कर ली है। BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) की स्पोर्ट्स साइंस टीम ने उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने की मंजूरी दे दी है। 32 साल के हार्दिक पीठ में ऐंठन के कारण मुंबई इंडियंस के लिए IPL 2026 के कई मैच नहीं खेल पाए थे और वह 2 जून से CoE में हैं।
यह भी पढ़ें: बेन स्टोक्स की कप्तानी जाएगी, ड्रॉप भी होंगे... आखिर नाइटक्लब में हुआ क्या था?
विदेश में छुट्टियां मनाकर लौटे हैं हार्दिक
BCCI के एक सूत्र ने PTI को बताया, '2 जून को CoE में आने से पहले हार्दिक विदेश में छुट्टियां मना रहे थे। अगले 5 दिन में उन्होंने मैच जैसी कई स्थितियों में तैयारी की और 10 ओवर (पूरा कोटा) तक गेंदबाजी भी की।' सूत्र ने आगे कहा, 'उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई और जानकारी के मुताबिक CoE में स्ट्रेंथ और कंडिशनिंग कोच ने अलग-अलग पैमानों पर उनकी फिटनेस को मंजूरी दे दी है।'
हाल ही में भारतीय टीम के असिस्टेंट कोच सितांशु कोटक ने कहा था कि भले ही उनके पास हार्दिक की फिटनेस के बारे में कोई ताजा जानकारी नहीं है लेकिन उन्हें लगता है कि यह ऑलराउंडर ठीक है। हार्दिक भारत की व्हाइट बॉल टीमों के लिए एक अहम खिलाड़ी हैं, क्योंकि वह अपनी तेज गेंदबाजी और डेथ ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को संतुलन देते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि हार्दिक ट्रेनिंग सेशन में 10 ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं, जिसका मतलब है कि वह वनडे क्रिकेट की चुनौतियों के लिए तैयार हैं। हालांकि यह साफ नहीं है कि हार्दिक चंडीगढ़ में दूधिया रोशनी में होने वाले ट्रेनिंग सेशन के लिए टीम से जुड़ेंगे या सीधे धर्मशाला पहुंचेंगे।
यह भी पढ़ें: ऐक्शन में वैभव सूर्यवंशी, कहां दिखेगा इंडिया-ए बनाम श्रीलंका-ए का मैच?
रोहित की फिटनेस की चल रही जांच
दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा को अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में उतरने के लिए अपनी फिटनेस साबित करना बाकी है। पूर्व कप्तान रोहित भी CoE में अपने पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की तकलीफ की जांच करवा रहे हैं। इस तकलीफ के कारण वह IPL में कई मैच नहीं खेल पाए थे।
