इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मुंबई इंडियंस (MI) का खराब प्रदर्शन जारी है। पांच बार की चैंपियन MI ने इस सीजन का अपना छठा मैच गंवा दिया है। बुधवार (29 अप्रैल) को MI की टीम 243 रन बनाकर भी हार गई। रायन रिकलटन ने 55 गेंद में 10 चौके और 8 छक्कों की मदद से नाबाद 123 रन बनाए, जिससे MI ने अपना तीसरा सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया लेकिन यह नाकफी साबित हुआ।
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 244 रन के विशाल टारगेट को 8 गेंद शेष रहते 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। SRH की ओर से ट्रेविस हेड ने 30 गेंद में 76, जबकि अभिषेक शर्मा ने 24 गेंद में 45 रन की आतिशी पारी खेली। वहीं हेनरिक क्लासेन ने 30 गेंद में नाबाद 65 रन की विस्फोटक पारी खेल मैच को जल्द खत्म किया। करारी हार के बाद MI के कप्तान हार्दिक पंड्या ने कहा कि ओस का कोई खास असर नहीं पड़ा। उन्होंने कुछ अच्छे शॉट खेल और हमने खराब गेंद फेंकी। इसके बाद पंड्या ने वानखेड़े स्टेडियम के दर्शकों के लिए कुछ ऐसा कहा, जो उन्हें नागवार गुजरेगा।
यह भी पढ़ें: हेड के बाद क्लासेन का मास्टरक्लास, SRH ने मुंबई इंडियंस को उसके घर में रौंदा
हार्दिक ने दर्शकों के लिए ऐसा क्या कह दिया?
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में जब हार्दिक पंड्या से दर्शकों से सपोर्ट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'हमने उन्हें हमारा समर्थन करने का ज्यादा मौका नहीं दिया लेकिन वे शानदार और लॉयल रहे हैं।' हार्दिक ने आगे कहा, 'कभी-कभी दुख होता है जब विपक्षी टीम के खिलाड़ी मैदान में आते हैं तो वे (दर्शक) उनकी हौसला अफजाई शुरू कर देते हैं।' हार्दिक जानते थे कि उनके इस बयान पर बवाल हो सकता है तो उन्होंने कवर करते हुए कहा, 'शायद हमें उन्हें और अधिक (खुशी मनाने और नारे लगाने का) मौका देना होगा।'
यह भी पढ़ें: बैटिंग में फ्लॉप, फील्डिंग में भी डूबोई लुटिया; नमन धीर पर भड़के फैंस
हार्दिक ने अपने प्रदर्शन के बारे में क्या कहा?
32 साल के हार्दिक ने 15 गेंद में 2 चौके और इतने ही छक्के उड़ाते हुए 31 रन जड़े। इसके बाद उन्होंने बॉलिंग में भी कमाल करते हुए हेड का विकेट निकाला और अपने पहले 3 ओवर में सिर्फ 23 रन खर्चे। SRH को जब 12 गेंद में 11 रन की जरूरत थी, तब हार्दिक ने 19वां ओवर डालने का फैसला किया लेकिन SRH ने उनके 4 गेंद में ही 16 रन बनाकर मैच जीत लिया। हार्दिक ने अपने प्रदर्शन पर कहा, 'आज मैदान पर मुझे बहुत मजा आया। आखिरी तीन गेंदों को छोड़कर गेंदबाजी का मैंने आनंद लिया।'
