अंडर-19 एशिया कप के अपने दूसरे मैच में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हरा दिया। ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मैच में भारत के कप्तान राजेश रायचंदानी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत की पूरी टीम 46.3 ओवर में ऑलआउट हो गई। भारत की तरफ से अर्जुन राजपूत ने 107 रनों की जुझारू पारी खेली। अर्जुन के अलावा भारत का कोई भी बल्लेबाज 30 रनों का आंकड़ा नहीं छू पाया। पाकिस्तान की तरफ से अली राजा, रिजवानुल्लाह और निकाब शफीक ने 3-3 विकेट चटकाए और भारत की पूरी टीम को 208 रनों पर रोक दिया।

 

209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए। लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर के नाबाद शतक की बदौलत पाकिस्तान ने यह मैच 3 विकेट और 11 गेंद शेष रहते जीत लिया। इस शानदार पारी के लिए हमजा को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी मिला। इस जीत के साथ पाकिस्तान पॉइंट्स टेबल में 4 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गया है। वहीं, भारत दूसरे पायदान पर खिसक गया है।

 

( खबर एपडेट की जा रही है)